X
X

Fact Check: अमृतपाल सिंह पर अशोक गहलोत के बयान का अधूरा वीडियो वायरल कर किया जा रहा गलत दावा

राजस्‍थान के मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत ने भरतपुर में मीडिया से बातचीत का अधूरा वीडियो वायरल कर गलत दावा किया जा रहा है। उन्‍होंने अमृतपाल सिंह की मांग को देश के लिए बहुत खतरनाक बताया था।

Ashok Gehlot, Rajasthan, Fact Check,

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। राजस्‍थान में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत का एक वीडियो वायरल  हो रहा है। इसे शेयर कर कुछ सोशल मीडिया यूजर्स दावा कर रहे हैं कि राजस्‍थान के मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत ने अमृतपाल सिंह की खालिस्‍तान मांगने वाली बात का समर्थन किया है।

विश्‍वास न्‍यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि अशोक गहलोत ने भरतपुर दौरे के दौरान मीडिया को बयान दिया था। इसमें उन्‍होंने अमृतपाल सिंह की इस मांग को देश के लिए बहुत खतरनाक बताया था। साथ ही उन्‍होंने कहा था कि वह इससे बहुत दुखी हैं। उस बयान के वीडियो के एक हिस्‍से को सोशल मीडिया पर वायरल कर गलत दावा किया जा रहा है।

क्‍या है वायरल पोस्‍ट

फेसबुक यूजर ‘आशुतोष बलराम पाराशर बेरखेड़ी‘ (आर्काइव लिंक)  ने 10 सेकंड के वीडियो को शेयर करते हुए लिखा,

“अगर ये हिन्दु राष्ट्र माँग रहे हैं तो मैं खालिस्तान क्यों नही मांग सकता”

कितनी सटीक बात कही है अमृतपाल ने

ये भी मैं नही कह रहा,कांग्रेसी नेता (वर्तमान मुख्यमंत्री और ‘होते होते रह गए’ कांग्रेस अध्यक्ष) अशोक गहलोत कह रहे हैं।

क्या आप कांग्रेस की इस विचारधारा से सहमत हैं??

क्या देश के टुकड़े करने की माँग उचित है ?? सटीक है??

भारत आँखें खोलो,सनातन सभ्यता आँखें खोलो”

वीडियो में गहलोत कह रहे हैं, “अमृतपाल सिंह बोल रहा है कि अगर ये हिंदू राष्ट्र की बात करते हैं, तो मैं क्यों न बात करूं खालिस्तान की। ये कितनी सटीक बात उसने कही।

ब्‍लू टिक यूजर अरुण यादव (आर्काइव लिंक) ने भी इस वीडियो को पोस्‍ट करते हुए समान दावा किया।

https://twitter.com/beingarun28/status/1642428429189677056

पड़ताल

अशोक गहलोत को लेकर वायरल दावे की पड़ताल के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। 1 अप्रैल 2023 को एबीपी में छपी खबर के अनुसार, “अशोक गहलोत ने कहा है कि अमृतपाल सिंह की खालिस्तान की बात करने की हिम्मत कैसे हुई। उसकी खालिस्तान की मांग करने की हिम्मत इसलिए हुई, क्योंकि इस तरह का माहौल देश में बन गया है। इंदिरा गांधी की हत्या की वजह यही थी कि उन्‍होंने खालिस्तान नहीं बनने दिया था।”

11 दिन पहले दैनिक भास्‍कर में भी इस बारे में खबर छपी है। इसमें राजस्‍थान के सीएम के बयान का वीडियो भी अपलोड किया गया है। खबर के मुताबिक, “भरतपुर में आयोजित संभाग स्‍तरीय कार्यकर्ता सम्‍मेलन में अशोक गहलोत ने  पीएम मोदी और भागवत पर निशाना साधा। उन्‍होंने कहा कि पंजाब में अमृतपाल कह रहा है कि अगर मोहन भागवत व पीएम मोदी हिंदू राष्ट्र की बात करते हैं तो मैं खालिस्तान की बात क्यों नहीं करूं? उसकी हिम्मत देखिये। उसकी हिम्मत इसलिए हुई है कि आपने हिंदू राष्ट्र की बात की।” खबर में अपलोड वीडियो में मीडिया से बातचीत में गहलोत कह रहे हैं, “मैं तो खुद बहुत दुखी हुआ, जब मैंने… अमृतपाल सिंह बोल रहा है कि अगर ये हिंदू राष्ट्र की बात कर रहे हैं, तो मैं क्यों न बात करूं खालिस्तान की। ये कितनी सटीक बात उसने कही है, ये बहुत खतरनाक बात है, देश के लिए। आज तक हिस्ट्री में पहली बार कोई बोला है, हिंदू राष्ट्र की बात करें तो मैं क्यों न करूं। कल दक्षिण के राज्‍य भी बोलने लग जाएंगे। दक्षिण में 40-50 साल पहले ऐसी आवाज उठी थी। नई पीढ़ी को मालूम नहीं है। हमें चिंता करनी चाहिए मुल्‍क के भविष्‍य की।” इसमें वायरल वीडियो क्लिप को देखा जा सकता है।

ईटीवी भारत में भी 31 मार्च को छपी खबर में इस अशोक गहलोत के वीडियो को अपलोड किया गया है। इसमें भी अशोक गहलोत अमृतपाल सिंह की इस मांग को देश के लिए खतरनाक और चिंताजनक बता रहे हैं।

इस बारे में हमने राजस्‍थान कांग्रेस के प्रवक्‍ता स्‍वर्णिम चतुर्वेदी से बात की। उनका कहना है, “मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत ने अमृतपाल सिंह की मांग को देश के लिए खतरनाक बताया था। भरतपुर में मीडिया से बातचीत में उन्‍होंने यह बात कही थी। सोशल मीडिया पर अधूरा वीडियो वायरल कर उनके खिलाफ दुष्‍प्रचार किया जा रहा है।

गलत दावे के साथ वीडियो शेयर करने वाले फेसबुक यूजर ‘आशुतोष बलराम पाराशर बेरखेड़ी‘ की प्रोफाइल को हमने स्‍कैन किया। उनको 36 यूजर्स फॉलो करते हैं और वह एक राजनीतिक दल से जुड़े हुए हैं।

निष्कर्ष: राजस्‍थान के मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत ने भरतपुर में मीडिया से बातचीत का अधूरा वीडियो वायरल कर गलत दावा किया जा रहा है। उन्‍होंने अमृतपाल सिंह की मांग को देश के लिए बहुत खतरनाक बताया था।

  • Claim Review : राजस्‍थान के मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत ने अमृतपाल सिंह की खालिस्‍तान मांगने वाली बात का समर्थन किया है।
  • Claimed By : FB User- आशुतोष बलराम पाराशर बेरखेड़ी
  • Fact Check : झूठ
झूठ
फेक न्यूज की प्रकृति को बताने वाला सिंबल
  • सच
  • भ्रामक
  • झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later