नई दिल्ली (विश्वास टीम)। सोशल मीडिया पर एक पुरानी फोटो वायरल हो रही है। दावा किया जा रहा है कि यह तस्वीर 11 फरवरी को लखनऊ में हुई प्रियंका गांंधी की रैली की है। विश्वास टीम की जांच में यह तस्वीर फर्जी साबित हुई। इस तस्वीर का लखनऊ की कांग्रेस रैली से कोई लेना-देना नहीं है। तस्वीर तेलंगाना विधानसभा चुनाव के दौरान हुई कांग्रेस की रैली की है। कांग्रेस के कई नेता इस फर्जी तस्वीर को ट्वीट और रीट्वीट करने के बाद अब डिलीट कर चुके हैं।
कांग्रेस की प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी (@priyankac19) और अखिल भारतीय राष्ट्रीय महिला महासचिव चित्रा सरवारा (@ChitraSarwara) ने 11 फरवरी को प्रियंका गांधी की रैली की कई तस्वीरें शेयर की थीं। इसमें एक तस्वीर ऐसी भी थी, जिसमें दूर तक सिर्फ भीड़ ही भीड़ नजर आ रही है। कांग्रेस की दोनों नेताओं ने अब ओरिजनल Tweet को डिलीट कर दिया है।
सबसे पहले हमने वायरल हो रही तस्वीर को गूगल रिवर्स इमेज में सर्च किया। हमें वहां Twitter पर मौजूद पुरानी तस्वीरों के कई लिंक मिले। इससे एक बात तो साबित हुई कि जिस फोटो को प्रियंका की रैली का बताया जा रहा है, वह पिछले साल 4 दिसंबर को तेलंगाना में हुई कांग्रेस रैली का है। ट्विटर यूजर Nageshwar Bandla ने 4 दिसंबर 2018 को कांग्रेस रैली की तस्वीर ट्विटर पर अपलोड की थी। खुद को पॉलिटिकल जर्नलिस्ट कहने वाले Nageshwar Bandla फिल्मों को लेकर भी लगातार Tweet करते रहते हैं।
इसके बाद हमने Youtube पर 4 दिसंबर को कांग्रेसी की रैली का वीडियो सर्च किया। यह रैली तेलंगाना के गजवेल में हुई थी। TFC News के Youtube चैनल पर 4 दिसंबर को एक वीडियो अपलोड किया गया है। इसे अब तक 30 हजार से ज्यादा लोग देख चुके हैं। वीडियो में हमें उसी एंगेल से फुटेज मिला, जो वायरल तस्वीर में हैं।
अब बारी थी फोटो से कोई ऐसा सुराग ढूंढ़ना, जो हमारी जांच को आगे बढ़ा सके। इसके लिए हमने InVID के Magnifier टूल का यूज किया। यहां वायरल हो रही पुरानी तस्वीर को डालकर जब हमने चेक किया तो फोटो में दिख रहे बोर्ड के ऊपर तेलुगू में कुछ लिखा दिखा। तेलुगू तेलंगाना और आंध्रप्रदेश में बोली जाती है।
अंत में हमने प्रियंका चतुर्वेदी और चित्रा सरवाना के अकाउंट का सोशल स्कैन किया। कांग्रेस पार्टी से जुड़ी दोनों नेता Twitter पर काफी सक्रिय हैं। प्रियंका को जहां Twitter पर 6.12 लाख लोग फॉलो करते हैं तो चित्रा को फॉलो करने वालों की संख्या 16.1 हजार है। प्रियंका मुंबई से हैं तो चित्रा अंबाला में रहती हैं।
निष्कर्ष : विश्वास टीम की जांच में पता चला कि प्रियंका गांधी की रैली के नाम पर पिछले साल की एक तस्वीर वायरल हो रही है। यह तस्वीर तेलंगाना विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस की रैली की है। इसका प्रियंका गांधी की लखनऊ रैली से कोई लेना-देना नहीं है।
सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्यम से भी सूचना दे सकते हैं।