Fact Check : प्रियंका गांधी के गले में जनेऊ नहीं, रुद्राक्ष का धागा था

Fact Check : प्रियंका गांधी के गले में जनेऊ नहीं, रुद्राक्ष का धागा था

नई दिल्‍ली (विश्‍वास टीम)। फेसबुक पर कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी की एक तस्‍वीर वायरल हो रही है। इसमें उन्‍हें कथित रूप से जनेऊ पहनाया हुआ दिखाया गया है। विश्‍वास टीम की जांच में यह दावा गलत साबित हुआ। प्रियंका के गले में रुद्राक्ष की माला के साथ सफेद रंग का धागा है, जिसे स्‍थानीय बोलचाल की भाषा में गंडा कहा जाता है।

क्‍या है वायरल पोस्‍ट में

तस्‍वीर में प्रियंका गांधी के गले में रुद्राक्ष की मालाएं हैं। इसके अलावा सफेद रंग का एक धागा भी है। इसे कई यूजर जनेऊ मान रहे हैं। एक ऐसे ही यूजर दीपक सिंह ने फेसबुक पर प्रियंका गांधी की इस तस्‍वीर को शेयर करते हुए लिखा : ‘चौकीदार का डर…पूरा खानदान जनेऊ पहन के दर बदर घूम रहा है। कोई इन्‍हें बताओ औरतें जनेऊ नहीं पहनती।’

पड़ताल

सबसे पहले विश्‍वास टीम को यह जानना था कि प्रियंका गांधी की वायरल तस्‍वीर कहां की है? गूगल रिवर्स की मदद से हमें यह पता लगा कि प्रियंका की यह तस्‍वीर पिछले दिनों हुए वाराणसी दौरे की है। gettyimages.in पर हमें प्रियंका गांधी की वायरल तस्‍वीर से मिलती-जुलती एक तस्‍वीर मिली। यह तस्‍वीर 20 मार्च 2019 की थी। जब प्रियंका बनारस के दौरे पर थीं। इस तस्‍वीर में प्रियंका ने वही साड़ी पहनी हुई है, जो वायरल तस्‍वीर में है। इनके गले में रुद्राक्ष की मालाओं के अलावा सूत का वह धागा भी देखा जा सकता है, जिसे जनेऊ बताकर वायरल किया जा रहा है। इस तस्‍वीर को ध्‍यान से देखने पर पता चला कि सूत के धागे में एक रुद्राक्ष बंधा हुआ है।

अब हमें यह जानना था कि प्रियंका के गले में यह सूत का धागा और रुद्राक्ष की माला कहां से आई। प्रियंका के वाराणसी दौरे की कई तस्‍वीरों और न्‍यूज चैनलों की क्लिपिंग सर्च की गई। आखिरकार हमें वह क्लिपिंग मिल ही गई, जिसमें हमारे सवालों का जवाब था। NDTV का एक वीडियो लिंक में इसका जवाब था। दरअसल, जब प्रियंका गांधी वाराणसी के दशाश्‍वमेध घाट पर पहुंचीं तो वहां कई लोग उनके स्‍वागत के लिए पहुंच गए थे। एक साधु भी उनके करीब पहुंच गया था। उसने प्रियंका को रुद्राक्ष वाला धागा खुद अपने हाथों से पहनाया। इसके बाद रुद्राक्ष की कुछ मालाएं प्रियंका के हाथों में पकड़ा दिया था। यह आप वीडियो में यहां देख सकते हैं।

इसके बाद हमने वाराणसी के पंडितों से संपर्क किया। स्‍थानीय पंडित विनय तिवारी को सबसे पहले हमने प्रियंका गांधी की वायरल तस्‍वीर को WhatsApp पर भेजा। उस तस्‍वीर को देखने के बाद उन्‍होंने बताया कि प्रियंका गांधी के गले में जो दिख रहा है, वह जनेऊ नहीं है। जनेऊ काफी लंबी होती है। उन्‍होंने जो पहना हुआ है, वह सूत के धागे में बंधा हुआ रुद्राक्ष है। इसे गंडा भी कह सकते हैं। बनारस में यह सामान्‍य है।

अंत में हमने उस फेसबुक अकाउंट का सोशल स्‍कैन किया, जो प्रियंका गांधी से जुड़ी फेक पोस्‍ट को वायरल कर रहा है। दीपक सिंह देहरादून के रहने वाले हैं। Stalkscan टूल की मदद से पता चला कि उन्‍होंने सितंबर 2016 को अपना फेसबुक अकाउंट बनाया था। उनकी अधिकांश पोस्‍ट कांग्रेस और विपक्ष के खिलाफ ही होती है।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास टीम की जांच में पता चला कि प्रियंका गांधी ने वाराणसी में जनेऊ नहीं पहना था। वह धागे में बंधा हुआ रुद्राक्ष था। यह धागा बनारस के दशाश्‍वमेध घाट पर एक साधु ने उन्‍हें पहनाया था।

पूरा सच जानें…

सब को बताएं सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

False
Symbols that define nature of fake news
Related Posts
नवीनतम पोस्ट