Fact Check : अलीगढ़ में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में लोकदल के कार्यकर्ता शामिल हुए थे, वायरल दावा भ्रामक

अलीगढ़ से गुजरते समय ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में लोकदल के कार्यकर्ता शामिल हुए थे। लोकदल और रालोद अलग-अलग पार्टियां हैं। रालोद के अध्यक्ष जयंत चौधरी हैं, जबकि लोकदल के अध्यक्ष का नाम सुनील सिंह है।

Fact Check : अलीगढ़ में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में लोकदल के कार्यकर्ता शामिल हुए थे, वायरल दावा भ्रामक

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ उत्तर प्रदेश के बाद फिलहाल रुकी हुई है। इस बीच यात्रा से जोड़कर एक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसमें यात्रा का वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के कार्यकर्ता भी शामिल हुए थे।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ और रालोद को लेकर वायरल हो रही यह पोस्ट भ्रामक है। दरअसल, अलीगढ़ में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में लोकदल के कार्यकर्ता शामिल हुए थे। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) और लोकदल अलग-अलग दल हैं। लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह हैं, जबकि रालोद के अध्यक्ष जयंत चौधरी हैं।

क्या है वायरल पोस्ट

एक्स यूजर Dinesh Kumar (आर्काइव लिंक) ने 25 फरवरी को वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में रालोद कार्यकर्ता शामिल हुए।

फेसबुक यूजर Aaj Ki Azad Awaaz (आर्काइव लिंक) ने भी इस वीडियो को रालोद कार्यकर्ताओं और भारत जोड़ो यात्रा का बताया।

पड़ताल

वायरल वीडियो को ध्यान से देखने पर उसमें दिख रहे झंडों पर ‘लोकदल’ और चौधरी सुनील सिंह का नाम लिखा हुआ दिखा। साथ में उस पर चिह्न ‘खेत जोतता किसान’ दिख रहा है।

इसके बाद हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। 25 फरवरी को इंडिया टीवी की वेबसाइट पर छपी खबर में लिखा है कि उत्तर प्रदेश के आगरा में आज यात्रा रुक जाएगी। इसके बाद 2 मार्च को फिर से शुरू होगी और राजस्थान के धौलपुर से होते हुए मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। बुलंदशहर से होकर अलीगढ़ पहुंची यात्रा में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा दोनों मौजूद थे। अलीगढ़ से गुजरते समय यात्रा में लोकदल कार्यकर्ता भी शामिल हुए। इस दौरान लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंह भी मौजूद रहे। लोकदल जयंत चौधरी की रालोद से अलग पार्टी है।

दैनिक जागरण के अलीगढ़ संस्करण में 26 फरवरी को छपी खबर में लिखा है कि कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एनडीए में शामिल लोकदल को नकली बताया है। उन्होंने कहा है कि असली लोकदल उनके साथ है। लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील सिंह यात्रा में मौजूद थे।

ANI_HindiNews के आधिकारिक एक्स हैंडल पर 25 फरवरी को वायरल वीडियो को देखा जा सकता है। इसमें भी लिखा है कि लोकदल कार्यकर्ता अलीगढ़ के जमालपुर में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में शामिल हुए।

अगर रालोद की बात करें तो उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी हैं। इस समय वह राज्यसभा सांसद हैं। 2009 में वह मथुरा से लोकसभा पहुंचे थे। रालोद का चुनाव चिह्न हैंडपंप है।

लोकदल और रालोद के झंडों में अंतर साफ देखा जा सकता है। रालोद के झंडे पर हैंडपंप बना हुआ है।

1 मार्च को एबीपी लाइव की वेबसाइट पर छपी खबर में लिखा है कि रालोद और भाजपा के बीच जल्द ही समझौते का एलान हो सकता है। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न मिलने का एलान होने के बाद जयंत चौधरी ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन को तोड़ दिया था।

इस बारे में हमने अलीगढ़ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष संतोष जादौन से बात की। उनका कहना है, “अलीगढ़ में यात्रा में लोकदल के कार्यकर्ता शामिल हुए थे, रालोद के नहीं। फिलहाल यात्रा रुकी हुई है। अब यह 2 मार्च को राजस्थान से शुरू होगी।

अलीगढ़ में रालोद के जिलाध्यक्ष कालीचरण ने वायरल दावे को फर्जी बताया। उन्होंने कहा, “रालोद के कार्यकर्ता ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में शामिल नहीं हुए हैं। यह हमारे खिलाफ अफवाह फैलाई जा रही है।

वहीं, अलीगढ़ में यात्रा कवर करने वाले दैनिक जागरण के रिपोर्टर विनोद भारती ने भी इस दावे को गलत बताया। उन्होंने बताया कि यात्रा में लोकदल के कार्यकर्ता शामिल हुए थे। लोकदल के अध्यक्ष सुनील सिंह हैं। यह रालोद से अलग दल है।

वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले एक्स यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के दो लाख 12 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: अलीगढ़ से गुजरते समय ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में लोकदल के कार्यकर्ता शामिल हुए थे। लोकदल और रालोद अलग-अलग पार्टियां हैं। रालोद के अध्यक्ष जयंत चौधरी हैं, जबकि लोकदल के अध्यक्ष का नाम सुनील सिंह है।

Misleading
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट