Fact Check: राहुल गांधी के नाम से वायरल इस्लामिक राष्ट्र वाला यह ट्वीट फर्जी, न्यूज चैनल की एडिटेड प्लेट हो रही शेयर

राहुल गांधी के नाम से वायरल हो रहा इस्लामिक राष्ट्र वाला यह ट्वीट फर्जी है। न्यूज चैनल की एडिटेड प्लेट को शेयर किया जा रहा है।

Fact Check: राहुल गांधी के नाम से वायरल इस्लामिक राष्ट्र वाला यह ट्वीट फर्जी, न्यूज चैनल की एडिटेड प्लेट हो रही शेयर

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। इस समय राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में व्यस्त हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर उनसे जोड़कर एबीपी न्यूज चैनल की प्लेट का स्क्रीनशॉट वायरल हो रहा है। इसमें लिखा है, राहुल गांधी ने वायनाड से ट्वीट किया है कि भाजपा नागरिकता बिल पास कराकर हिंदू राष्ट्र के एजेंडे पर चल रही है। उनके पूर्वजों ने पाकिस्तान और बांग्लादेश दो इस्लामिक राष्ट्र बनाए। अब वे भारत को हिंदू राष्ट्र बनते हुए नहीं देख सकते हैं। कुछ यूजर्स इस स्क्रीनशॉट को सच समझकर शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि राहुल गांधी ने इस तरह का कोई ट्वीट नहीं किया है। सोशल मीडिया पर वायरल एबीपी न्यूज की प्लेट का स्क्रीनशॉट एडिटेड है।

क्या है वायरल पोस्ट में

फेसबुक यूजर Madhu Sharma (आर्काइव लिंक) ने 28 सितंबर को इस स्क्रीनशॉट को शेयर किया है। इस पर लिखा है-

एबीपी न्यूज टीवी चैनल पर भी दिखाया गए पप्पू के इस ट्वीट को देखने के बाद भी जो कांग्रेस का समर्थन करेगा, वो वास्तव में अपने देश तथा धर्म से गद्दारी ही करेगा।

अभी—अभी राहुल गांधी वायनाड से ट्वीट किए हैं आप सभी ग्रुप के मेंबर यह ट्वीट जरूर पढ़ना!!

राहुल गांधी का ट्वीट,
…नागरिकता बिल पास करा कर बीजेपी हिंदू राष्ट्र के एजेंडे पर चल रही है हमारे पूर्वजों का एजेंडा हमेशा से इस्लामिक कंट्री पर रहा है इसीलिए हमने दो इस्लामिक कंट्री बनाएं पाकिस्तान और बांग्लादेश अब हम भारत को हिंदू राष्ट्र बनते नहीं देख सकते
अती महत्वपूर्ण है

सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट।

पड़ताल

वायरल दावे की पड़ताल के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड से इसे गूगल पर सर्च किया, लेकिन ऐसी कोई खबर नहीं मिली, जिससे दावे की पुष्टि हो सके। अगर ऐसा कोई ट्वीट राहुल गांधी ने किया होता तो उसे मीडिया कवर जरूर करती। हां, फेसबुक पर हमें फरवरी 2020 में भी समान पोस्ट मिली। फेसबुक यूजर Rekha Jagdish ने इसे 1 फरवरी 2020 को पोस्ट किया था।

10 दिसंबर 2019 को एनडीटीवी में छपी खबर के अनुसार, नागरिकता संशोधन बिल लोकसभा में पारित होने के बाद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि यह विधेयक संविधान पर हमला है। इस बिल का समर्थन करना भारत की बुनियाद को नष्ट करने की कोशिश होगी। गौरतलब है कि लोकसभा में नागरिकता संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी गई है। इसके तहत पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से प्रताड़ित होकर भारत आए हिंदू, सिख, बौद्ध, पारसी, जैन और ईसाई समुदायों के लोग भारत की नागरिकता के लिए आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, खबर में वायरल दावे जैसा कोई जिक्र नहीं मिला।

ट्विटर पर एडवांस सर्च में भी हमें राहुल गांधी के ट्विटर अकाउंट पर ऐसा कोई ट्वीट नहीं मिला। हां, 10 दिसंबर 2019 को उन्होंने ट्वीट कर नागरिकता संशोधन विधेयक को भारतीय संविधान पर हमला बताया था।

इसके बाद हमने एबीपी न्यूज चैनल पर इस खबर के बारे में सर्च किया। इसमें हमें 10 दिसंबर 2019 को एबीपी न्यूज के यूट्यूब चैनल पर अपलोड वीडियो न्यूज मिली। इसमें नागरिकता संशोधन बिल को लेकर राहुल गांधी के ट्वीट का जिक्र किया है। वीडियो में 39 सेकंड के बाद वायरल फ्रेम से मिलते-जुलते फ्रेम को देखा सकता है। इसमें लिखा है,
राहुल गांधी का ट्वीट
CAB भारतीय संविधान पर हमला है। जो भी इसके समर्थन में है वो हमोर देश की नींव को बर्बाद करने…

इसकी अधिक पुष्टि के लिए हमने मध्य प्रदेश कांग्रेस के महासचिव रवि सक्सेना से बात की। उनका कहना है, ‘यह पोस्ट फेक है। विरोधी दल कांग्रेस के खिलाफ इस तरह से फर्जी दुष्प्रचार कर रहे हैं। वे भारत जोड़ो यात्रा से बौखला गए हैं।

विश्वास न्यूज पहले भी वायरल दावे की पड़ताल कर चुका है। पूरी रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।

गलत दावे को शेयर करने वाली फेसबुक यूजर ‘मधु शर्मा‘ की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। इसके मुताबिक, वह गाजियाबाद की रहने वाली हैं।

निष्कर्ष: राहुल गांधी के नाम से वायरल हो रहा इस्लामिक राष्ट्र वाला यह ट्वीट फर्जी है। न्यूज चैनल की एडिटेड प्लेट को शेयर किया जा रहा है।

False
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट