विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वर्ष 2013 की तस्वीर को अब कुछ लोग वायरल कर रहे हैं। प्रज्ञा साध्वी फिलहाल भोपाल में ही हैं। वे मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में फिलहाल भर्ती नहीं हैं।
विश्वास न्यूज (नई दिल्ली)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की सांसद प्रज्ञा साध्वी के गोमूत्र के बयान के बाद से ही उन पर कटाक्ष करने का सिलसिला जारी है। अब कुछ यूजर्स उनकी एक बरसों पुरानी तस्वीर को वायरल करते हुए दावा कर रहे हैं कि यह तस्वीर मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल की है। हमारी पड़ताल में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि बरसों पुरानी भोपाल की तस्वीर को अब कुछ लोग वायरल कर रहे हैं। हमारी जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई।
फेसबुक यूजर धम्म प्रिया ने 25 मई को एक तस्वीर को पोस्ट करते हुए लिखा : ‘कोकिलाबेन अस्पताल में एलोपैथिक ट्रीटमेंट देकर सांसद को मारने की कोशिश तो नहीं हो रही है..? काश ! इनके लिए कोई गौमूत्र उपलब्ध करा देता….’
फेसबुक पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखें।
विश्वास न्यूज ने सबसे पहले वायरल तस्वीर को इंटरनेट पर खोजना शुरू किया। सर्च के दौरान यह तस्वीर हमें कई न्यूज वेबसाइट और यूट्यूब चैनलों पर अपलोड वीडियो के कवर इमेज के तौर पर मिली। सबसे पुरानी तस्वीर हमें 10 जनवरी 2013 को द हिन्दू वेबसाइट की खबर में मिली। फोटो के कैप्शन से हमें पता चला कि वायरल तस्वीर भोपाल के जवाहरलाल नेहरू कैंसर अस्पताल की है, जहां 9 जनवरी 2013 को प्रज्ञा साध्वी को मेडिकल एग्जामिनेशन के लिए ले जाया गया था।
अब हमें यह जानना था कि प्रज्ञा साध्वी को क्या कभी कोकिलाबेन अस्पताल ले जाया गया था। सर्च के दौरान हमें पता चला कि मार्च 2021 में सांस की तकलीफों के बाद उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल ले जाया गया था। यह बात तीन महीने पुरानी है। रिपब्लिक टीवी की यह न्यूज आप नीचे देख सकते हैं।
भास्करडॉटकॉम की खबर के अनुसार, मार्च में उन्हें कोकिलाबेन अस्पताल भेजा गया था।
प्रज्ञा साध्वी से जुड़े दावे को लेकर हमने मध्य प्रदेश में नईदुनिया अखबार के स्टेट ब्यूरो हेड धनंजय प्रताप सिंह से संपर्क किया। उनके साथ वायरल तस्वीर और दावे को शेयर किया। उन्होंने वायरल पोस्ट को गलत बताते हुए कहा कि प्रज्ञा साध्वी की यह तस्वीर काफी पुरानी है। यह भोपाल की तस्वीर है। फिलहाल प्रज्ञा साध्वी भोपाल में ही हैं और पूरी तरह स्वस्थ हैं।
जांच के अंतिम चरण में हमने फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की। हमें पता चला कि फेसबुक यूजर धम्म प्रिया राजस्थान के जयपुर की रहने वाली हैं। इसे तीन हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वर्ष 2013 की तस्वीर को अब कुछ लोग वायरल कर रहे हैं। प्रज्ञा साध्वी फिलहाल भोपाल में ही हैं। वे मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में फिलहाल भर्ती नहीं हैं।
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्यम से भी सूचना दे सकते हैं।