X
X

Fact Check: दिल्ली की श्री राम कॉलोनी में आतिशी मार्लेना के धार्मिक नारा लगाने का दावा गलत

दिल्ली की श्री राम कॉलोनी में मार्च में आतिशी मार्लेना ने स्कूल का उद्घाटन किया था। उस दौरान उनके बार-बार इसे खजूरीखास का स्कूल बताने पर लोग नाराज हो गए थे, जिसके बाद आतिशी ने माफी मांगी थी। उस कार्यक्रम के वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

Fact Check, Delhi, Atishi Marlena, karawal nagar, sri ram colony, Delhi CM,

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें उनके संबोधन के दौरान कुछ लोगों को हंगामा करते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि आतिशी मार्लेना ने जब श्री राम कॉलोनी में ‘जय श्री राम’ से अपना संबोधन शुरू किया तो मुसलमानों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद आतिशी ने माफी मांगी थी।

विश्वास न्यूज की पड़ताल में पता चला कि यह वीडियो मार्च का है। ​उस समय आतिशी दिल्ली की मंत्री थीं। श्री राम कॉलोनी में एक स्कूल के उद्घाटन के दौरान उन्होंने श्री राम कॉलोनी का नाम नहीं लिया था, जिसके बाद लोगों ने हंगामा किया था। इसके बाद आतिशी ने माफी मांगते हुए इसे श्री राम कॉलोनी का स्कूल बताया था। उन्होंने कार्यक्रम में ‘जय श्री राम’ का नारा नहीं लगाया था।

क्या है वायरल पोस्ट

विश्‍वास न्‍यूज के टिपलाइन नंबर +91 9599299372 पर यूजर ने इस वीडियो को भेजकर इसकी सच्चाई बताने का अनुरोध किया।

फेसबुक यूजर Tej Bahadur Singh ने 25 सितंबर को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,

दिल्ली की आम आदमी पार्टी की मंत्री अब मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना जब श्रीराम कॉलोनी में जाकर उन्होंने अपना भाषण जैसे ही जय श्रीराम बोलकर शुरू किया तो तुरंत वहाँ बैठे मुसलमानों की भीड़ उठी हंगामा किया कि आपने जय श्रीराम क्यों बोला…
फिर क्या, आतिशी मार्लेना ने तुरंत माफी मांग ली
एकता में शक्ति है सत्य वचन

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वायरल वीडियो को देखा। इसमें वीडियो को कुछ हिस्से को फास्ट फॉरवर्ड किया गया है। बाकी वीडियो में लोग श्री राम कॉलोनी का स्कूल बोलने को कह रहे हैं। इसके बाद आतिशी ने माफी मांगी।

वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। एक्स यूजर Parshant rajora ने इस कार्यकम से संबंधित कुछ तस्वीरों को 9 मार्च 2024 को पोस्ट करते जानकारी दी कि करावल नगर विधानसभा के श्री राम कॉलोनी में बने स्कूल का दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी मार्लेना ने उद्घाटन किया।

इसके बाद कीवर्ड से सर्च करने पर Arsh news यूट्यूब चैनल पर इससे संबंधित वीडियो न्यूज मिली, जिसे 9 मार्च 2024 को अपलोड किया गया है। इसमें बताया गया है कि दिल्ली की कैबिनेट मंत्री एवं शिक्षा मंत्री आतिशी ने श्री राम कॉलोनी के कन्या बाल विद्यालय का उद्घाटन किया। करावल नगर विधानसभा के खजूरीखास इलाके की श्री राम कॉलोनी के स्कूल के उद्घाटन के अवसर पर आतिशी बार-बार इसे खजूरीखास का स्कूल बता रही थी। इसको लेकर वहां मौजूद लोगों ने नाराजगी जताते हुए इसे श्री राम कॉलोनी का स्कूल बताया, जिसके बाद आतिशी ने माफी मांगी और खजूरी खास की जगह श्री राम कॉलोनी बोला।

वीडियो न्यूज में वायरल वीडियो से संबंधित क्लिप को अलग एंगल से देखा जा सकता है।

श्री राम कॉलोनी के स्कूल के उद्घाटन के कार्यक्रम का वीडियो Directorate of Education GNCT of Delhi के यूट्यूब चैनल पर भी देखा जा सकता है। इसमें 41 मिनट के बाद वायरल वीडियो से संबंधित वीडियो क्लिप को अलग एंगल से देखा जा सकता है। इसमें लोगों के हंगामा करने पर एक शख्स को आतिशी को यह कहते हुए देखा जा सकता है कि यह स्कूल श्री राम कॉलोनी के नाम से है, खजूरीखास की जगह श्री राम कॉलोनी बोल दीजिए। इसके बाद आतिशी माफी मांगते हुए इसे श्री राम कॅलोनी का स्कूल बताती हैं। वीडियो में उनको ‘भारत माता की जय’ के नारे से अपना संबोधन शुरू करते देखा जा सकता है। वीडियो में वह ‘जय श्री राम’ का नारा लगाते हुए नहीं दिख रही हैं।

आतिशी के एक्स हैंडल से 23 सितंबर को तस्वीर पोस्ट कर जानकारी दी गई है कि उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री का पद संभाल लिया है।

इस बारे में हमने इस कार्यक्रम को कवर करने वाले अर्श न्यूज के रिपोर्टर संजय खान से सपं​र्क किया। उनका कहना है कि आतिशी ने इस कार्यक्रम में ‘जय श्री राम’ का नारा नहीं लगाया था। वह बार-बार इसे खजूरीखास का स्कूल बता रही थीं। इसको लेकर वहां मौजूद कुछ लोगों ने आपत्ति जताई थी।

वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर धनबाद के रहने वाले हैं और एक विचारधारा से प्रभावित हैं।

निष्कर्ष: दिल्ली की श्री राम कॉलोनी में मार्च में आतिशी मार्लेना ने स्कूल का उद्घाटन किया था। उस दौरान उनके बार-बार इसे खजूरीखास का स्कूल बताने पर लोग नाराज हो गए थे, जिसके बाद आतिशी ने माफी मांगी थी। उस कार्यक्रम के वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : आतिशी मार्लेना ने जब श्री राम कॉलोनी में 'जय श्री राम' से अपना संबोधन शुरू किया तो मुसलमानों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद आतिशी ने माफी मांगी थी।
  • Claimed By : Fb User- Tej Bahadur Singh
  • Fact Check : झूठ
झूठ
फेक न्यूज की प्रकृति को बताने वाला सिंबल
  • सच
  • भ्रामक
  • झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later