Fact Check: दैनिक भास्कर के नाम से पंजाब की 13 लोकसभा सीटों को लेकर वायरल हो रहा सर्वे फेक है

दैनिक भास्कर के नाम से पंजाब की 13 लोकसभा सीटों को लेकर वायरल हो रहा सर्वे का ग्राफिक फेक है। सोशल मीडिया पर कछ यूजर्स इसे सच समझकर शेयर कर रहे हैं।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। लोकसभा चुनाव के दो चरणों में हुए मतदान के बाद सोशल मीडिया पर भास्कर ओपिनियन पोल के नाम से एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें दिखाया गया है कि पंजाब की कुल 13 सीटों में से आम आदमी पार्टी (AAP) को 9-11, कांग्रेस को 2-3, भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 0-1 और शिरोमणि अकाली दल (SAD) को 0-1 मिल सकती हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि दैनिक भास्कर के नाम से वायरल हो रहा यह सर्वे फेक है। खुद दैनिक भास्कर ने पोस्ट कर इस ग्राफिक को फर्जी बताया है।

क्या है वायरल

फेसबुक यूजर Harpinderpalsingh Sandhu (आर्काइव लिंक) ने 3 मई को इस ग्राफिक को पोस्ट किया है। इसमें सबसे ऊपर लोकसभा चुनाव 2024, भास्कर ओपिनियन पोल लिखा हुआ है। ग्राफिक में पंजाब की 13 सीटों को लेकर सर्वे दिखाया गया है।

फेसबुक पर कुछ अन्य यूजर्स ने भी इस ग्राफिक को शेयर किया है।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने दैनिक भास्कर के सोशल मीडिया हैंडल्स को स्कैन किया। इसके एक्स हैंडल पर 2 मई को इस ग्राफिक को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए इसे फेक बताया गया है। इसमें लिखा है कि दैनिक भास्कर के नाम से पंजाब की 13 लोकसभा सीटों को लेकर वायरल हो रहा सर्वे फर्जी है।

दैनिक भास्कर के फेसबुक पेज से भी पोस्ट (आर्काइव लिंक) कर इस ग्राफिक को फेक बताया गया है।

इस बारे में हमने दैनिक भास्कर के डिजिटल हेड प्रसून मिश्रा से संपर्क किया। उन्होंने भी इसे फेक बताया है।

16 मार्च को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, चुनाव सात चरणों में पूरा होगा। इसके तहत 1 जून को अंतिम चरण में पंजाब की सभी 13 सीटों के लिए मतदान होगा। वहीं, 4 जून को मतगणना होगी।

फेक ग्राफिक शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। पंजाब के बटाला के रहने वाले यूजर के करीब 3700 फ्रेंड्स हैं।

निष्कर्ष: दैनिक भास्कर के नाम से पंजाब की 13 लोकसभा सीटों को लेकर वायरल हो रहा सर्वे का ग्राफिक फेक है। सोशल मीडिया पर कछ यूजर्स इसे सच समझकर शेयर कर रहे हैं।

False
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट