Fact Check: कमलनाथ ने नहीं बताया राहुल गांधी को भगवान शिव का अवतार

कमलनाथ ने राहुल गांधी को भगवान शिव का अवतार नहीं बताया है। उन्होंने इस तरह का कोई भी बयान नहीं दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल दावा गलत है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेसी नेता कमलनाथ के नाम से एक पोस्ट वायरल हो रही है। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स दावा कर रहे हैं कि कमलनाथ ने राहुल गांधी को भगवान शिव का अवतार बताया है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि कांग्रेसी नेता कमलनाथ ने राहुल गांधी को शिव का अवतार बताते हुए कोई बयान नहीं दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल दावा गलत है।

क्या है वायरल पोस्ट में

फेसबुक यूजर Ranu Singh (आर्काइव लिंक) ने 1 अक्टूबर को पोस्ट किया,

राहुल गांधी शिव के अवतार हैं कमलनाथ
थोड़ा जहर देकर चेक कर लो, हमे तो विश्वास है लेकिन केजरीवाल को सबूत चाहिए

पड़ताल

वायरल दावे की पड़ताल के लिए हमने गूगल पर कीवर्ड से सर्च किया। इसमें हमें 16 दिसंबर 2017 को न्यूज 18 में छपी खबर का लिंक मिला। इसमें लिखा है कि राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनते ही इलाहाबाद में कांग्रेसियों ने उन्हें शिव का अवतार बता दिया। कांग्रेसी नेताओं ने राहुल गांधी के पैतृक घर आनंद भवन के बाहर ऐसा पोस्टर लगाया है, जिसमें राहुल को भगवान शिव का नीलकंठ अवतार बताया गया है। हालांकि, इसमें कमलनाथ का कोई जिक्र नहीं है।

एमपी तक के फेसबुक पेज पर हमें एक वीडियो न्यूज मिली। 23 मार्च 2019 को अपलोड इस वीडियो न्यूज के अनुसार, भाजपा नेता कमल पटेल ने कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी को शिव का अवतार बताते हुए पोस्टर छपवा रहे हैं। कांग्रेस हर बात का प्रमाण मांगती है तो राहुल अगर भगवान शिव का अवतार हैं तो वह जहर पीकर दिखाएं। इस न्यूज में भी हमें कमलनाथ का कोई जिक्र नहीं मिला।

16 सितंबर 2018 को पत्रिका में छपी खबर के अनुसार, राहुल गांधी के दौरे से पहले भोपाल में राहुल को शिवभक्त बताते हुए पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं। इस पर मचे घमासान के बाद एमपी कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा है कि राहुल गांधी के हिंदुत्व पर सवाल उठाने वाले लोगों को जवाब मिलेगा। हमें सर्च में कोई भी ऐसी खबर नहीं मिली, जिससे इस वायरल दावे की पुष्टि हो सके कि कमलनाथ ने राहुल गांधी को भगवान शिव का अवतार बताया है।

इस बारे में मध्य प्रदेश कांग्रेस के महासचिव रवि सक्सेना का कहना है, ‘कमलनाथ ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। राहुल गांधी शिवभक्त हैं। विपक्षी दल इस तरह की फर्जी पोस्ट से कांग्रेस के खिलाफ साजिश रचते रहते हैं।

फर्जी पोस्ट शेयर करने वाले फेसबुक यूजर ‘रानू सिंह‘ की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। इसके मुताबिक, वह आजमगढ़ में रहते हैं और अगस्त 2012 से फेसबुक पर सक्रिय हैं।

निष्कर्ष: कमलनाथ ने राहुल गांधी को भगवान शिव का अवतार नहीं बताया है। उन्होंने इस तरह का कोई भी बयान नहीं दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल दावा गलत है।

False
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट