Fact Check : खालिस्तान समर्थक अमृतपाल को लेकर अशोक गहलोत का एडिटेड वीडियो गलत दावे के साथ वायरल

खालिस्तान समर्थन अमृतपाल सिंह के पक्ष  में दिए गए बयान के दावे के साथ अशोक गहलोत का वायरल वीडियो क्लिप एडिटेड है, जिसे चुनावी दुष्प्रचार की मंशा के साथ शेयर किया जा रहा है। असल में अशोक गहलोत ने अमृतपाल सिंह की मांग को देश के लिए खतरनाक बताया है।

विश्वास न्यूज (नई दिल्ली)। भारत कनाडा कूटनीतिक  विवाद के बीच सोशल मीडिया पर मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत का एक वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि उन्होंने जेल में बंद खालिस्तान समर्थन अमृतपाल सिंह का समर्थन किया है। 

विश्वास न्यूज ने जब वायरल वीडियो की जांच की, तो पाया कि वायरल वीडियो एडिटेड है और करीब 7 महीने पुराना है। असली वीडियो में अशोक गहलोत ने अमृतपाल सिंह की मांग को देश के लिए खतरनाक बताया था। बता दें कि वायरल वीडियो क्लिप उनके इसी बयान का एक हिस्सा है, जिससे एडिट कर उसके मूल संदर्भ से अलग कर दिया गया है। राजस्थान समेत पांच राज्यों में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं और इस संदर्भ में वायरल किया जा रहा यह वीडियो क्लिप चुनावी दुष्प्रचार है।

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘अल्पना कुलश्रेष्ठ’ ने 4 अक्टूबर 2023 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “खालिस्तान के सपने देखने वाले अमृतपाल का समर्थन करते हुए राजस्थान के मुख्यमन्त्री अशोक गहलोत कांग्रेस का हाथ आतंकियों से साथ ..हिन्दूओं से नफ़रत करने वाली पार्टी.. कांग्रेस, कांग्रेस, कांग्रेस ..बहुत बहुत दुःखद शर्मनाक विचारणीय बयान , परन्तु जब हिन्दू बटा हिन्दू कटा,इसी को दोगलेपन तुष्टिकरण की राजनीति कहा है।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

https://twitter.com/RajendraRai1234/status/1709620152462103019

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स से सर्च करना शुरू किया। हमें पूरा वीडियो ईटीवी भारत राजस्थान के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो में 2.38 से पूरे बयान को सुना जा सकता है मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कहते हैं, “मैं तो खुद बहुत दुखी हुआ, जब मैंने… अमृतपाल सिंह बोल रहा है कि अगर ये हिंदू राष्ट्र की बात कर रहे हैं, तो मैं क्यों न बात करूं खालिस्तान की। ये कितनी सटीक बात उसने कही है, ये बहुत खतरनाक बात है, देश के लिए। आज तक हिस्ट्री में पहली बार कोई बोला है, हिंदू राष्ट्र की बात करें तो मैं क्यों न करूं। कल दक्षिण के राज्‍य भी बोलने लग जाएंगे। दक्षिण में 40-50 साल पहले ऐसी आवाज उठी थी। नई पीढ़ी को मालूम नहीं है।”

पड़ताल के दौरान हमें वायरल दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट आजतक की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 31 मार्च 2023 को प्रकाशित किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, “राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह को लेकर बयान दिया है। अमृतलाल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि धर्म के आधार पर नए राष्ट्र की मांग करना गलत है। जिस तरह से मोहन भागवत हिंदू राष्ट्र की मांग कर रहे हैं, वैसे ही पंजाब में अमृतपाल सिंह खालिस्तान की मांग कर रहा है।  गहलोत ने कहा कि आज देश में जातिवाद और धर्म के नाम पर राजनीति हो रही है। सीएम गहलोत ने कहा कि अमृतपाल सिंह कह रहा है कि अगर मोहन भागवत और नरेंद्र मोदी हिंदू राष्ट्र की बात करते हैं तो मैं खालिस्तान की बात क्यों नहीं करूं? पीएम मोदी और मोहन भागवत पर निशाना साधते हुए गहलोत ने कहा कि आप दोनों की वजह से ही अमृतपाल की हिम्मत बढ़ी है. क्योंकि आप हिंदू राष्ट्र की बात  करते हैं।”

अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां पर देखा जा सकता है। 

अधिक जानकारी के लिए हमने राजस्थान कांग्रेस के प्रवक्ता स्‍वर्णिम चतुर्वेदी से बात की। उनका कहना है, “मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत ने अमृतपाल सिंह की मांग को देश के लिए खतरनाक बताया था। भरतपुर में मीडिया से बातचीत में उन्होंने यह बात कही थी। सोशल मीडिया पर अधूरा वीडियो वायरल कर उनके खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है।“

पहले भी यह वीडियो गलत दावे के साथ वायरल हो चुका है। पूरी पड़ताल को यहां पर पढ़ें।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर ने खुद को दिल्ली का रहने वाला बताया हुआ है। खबर लिखे जाने तक यूजर के फेसबुक पर 2,259 मित्र हैं।

निष्कर्ष : खालिस्तान समर्थन अमृतपाल सिंह के पक्ष  में दिए गए बयान के दावे के साथ अशोक गहलोत का वायरल वीडियो क्लिप एडिटेड है, जिसे चुनावी दुष्प्रचार की मंशा के साथ शेयर किया जा रहा है। असल में अशोक गहलोत ने अमृतपाल सिंह की मांग को देश के लिए खतरनाक बताया है।

False
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट