X
X

Fact Check: केजरीवाल और भगवंत मान की यह तस्वीर फेक है, एडिटिंग से तैयार की गई फोटो गलत दावे से वायरल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने लुधियाना में ऑटो चालक के निमंत्रण को स्वीकार करते हुए उनके घर पर भोजन किया था और इसी कार्यक्रम की तस्वीर को एडिट कर दुष्प्रचार की मंशा से सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है।

  • By: Abhishek Parashar
  • Published: Apr 7, 2022 at 01:53 PM
  • Updated: Apr 10, 2022 at 06:46 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक तस्वीर में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कुछ अन्य लोगों के साथ बैठकर खाना खाते हुए नजर आ रहे हैं। तस्वीर में नजर आ रही शराब की बोतल के साथ दावा किया जा रहा है कि इन्हें भोजन के साथ मदिरा भी परोसी गई।

विश्वास न्यूज की जांच में वायरल हो रही यह तस्वीर फर्जी निकली, जिसे दुष्प्रचार की मंशा से एडिट कर गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। वास्तविक तस्वीर पंजाब विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के एक ऑटो चालक के घर भोजन करने की है। लुधियाना में चुनाव प्रचार के दौरान एक ऑटो रिक्शा चालक ने अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान को अपने घर पर खाने का निमंत्रण दिया था, जिसके बाद दोनों नेताओं ने वहां जाकर भोजन किया था। इसी तस्वीर को एडिट कर पानी के गिलास की जगह शराब की बोतलों को जोड़ दिया गया है।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘Thakur Sanjay Singh Rawal’ ने अपनी प्रोफाइल से इस तस्वीर (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए भगवंत मान पर तंज कसा है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही फेक तस्वीर

सोशल मीडिया पर कई अन्य यूजर्स ने इस फेक तस्वीर को सच मानते हुए उसे समान और मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है।

पड़ताल

शुरुआती अवलोकन के दौरान ही यह तस्वीर एडिट की हुई नजर आती है। वास्तविक तस्वीर को खोजने के लिए हमने गूगल रिवर्स इमेज सर्च की मदद ली। सर्च में कई पुरानी न्यूज रिपोर्ट्स में अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की वह ओरिजिनल तस्वीर मिली, जिसे एडिट कर गलत दावे के साथ दुष्प्रचार की मंशा से वायरल किया जा रहा है।

टाइम्स ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर 22 नवंबर 2021 को प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, ‘दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लुधियाना में एक ऑटो चालक की तरफ से खाना खाने का निमंत्रण स्वीकार करते हुए उनके घर जाकर भोजन किया।’ रिपोर्ट में इस्तेमाल की गई तस्वीर में केजरीवाल और मान को ऑटो चालक के साथ फर्श पर बैठकर साथ खाना खाते हुए देखा जा सकता है। जहां तक परोसे गए भोजन की बात है, तो तस्वीर में थाली में रोटी, सब्जी, दाल और सलाद नजर आ रही है। वहीं, वायरल हो रही तस्वीर में थाली में मांस और शराब की बोतलें नजर आ रही हैं।

लुधियाना में ऑटो चालक के निमंत्रण पर उसके घर भोजन करते हुए अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान

टीओआई चंडीगढ़ के वेरिफाइड ट्विटर हैंडल से ट्वीट किए वीडियो में अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान और अन्य नेताओं को ऑटो चालक के साथ भोजन करते हुए देखा जा सकता है।

कई अन्य न्यूज रिपोर्ट्स में भी इस तस्वीर का इस्तेमाल किया गया है। नीचे दर्शाए गए कोलाज में ओरिजिनल तस्वीर और उसमें एडिटिंग की मदद से की गई छेड़छाड़ के अंतर को साफ-साफ देखा जा सकता है।

वायरल तस्वीर को लेकर विश्वास न्यूज ने अपने सहयोगी दैनिक जागरण के लुधियाना के ब्यूरो चीफ भूपिंदर भाटिया से संपर्क किया। वायरल तस्वीर को फेक बताते हुए उन्होंने कहा, ‘अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने लुधियाना में एक ऑटो चालक के भोजन के निमंत्रण को स्वीकार करते हुए हैबोवाल में स्थित उसके घर जाकर खाना खाया था।’

इससे पहले भी सोशल मीडिया पर कई तस्वीरें वायरल हो चुकी हैं। ऐसी ही एक तस्वीर में केजरीवाल और भगवंत मान को शराब की दुकान के बाहर बैठे होने का दावा किया गया था। विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस तस्वीर को एडिटेड और फेक पाया था।

अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की फेक और एडिटेड तस्वीर को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब सात हजार लोग फॉलो करते हैं। यह प्रोफाइल जून 2017 से फेसबुक पर सक्रिय है।

निष्कर्ष: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने लुधियान में ऑटो चालक के निमंत्रण को स्वीकार करते हुए उनके घर पर भोजन किया था और इसी कार्यक्रम की तस्वीर को एडिट कर दुष्प्रचार की मंशा से सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है।

  • Claim Review : सार्वजनिक जगह पर शराब और मांस का सेवन करते हुए केजरीवाल और भगवंत मान
  • Claimed By : FB User-Thakur Sanjay Singh Rawal
  • Fact Check : झूठ
झूठ
फेक न्यूज की प्रकृति को बताने वाला सिंबल
  • सच
  • भ्रामक
  • झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later