X
X

Fact Check: अधिकारियों के ट्रांसफर को लेकर बोलते मुख्तार अंसारी के बेटे का यह वीडियो दो साल पुराना है, लोकसभा चुनाव के बाद का नहीं

मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी का यह वीडियो करीब दो साल पुराना है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान उन्होंने यह विवादित बयान दिया था। इसके बाद उनके खिलाफ केस दर्ज हुआ था। इस समय अब्बास जेल में बंद हैं।

Election Fact Check, Abbas Ansari, Loksabha Election 2024 Result, Samajwadi Party,

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे आने के बाद सोशल मीडिया पर मुख्तार अंसारी के बेटे का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें उनको यह कहते हुए सुना जा सकता है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से उन्होंने कहा है कि छह माह तक किसी अधिकारी की ट्रांसफर-पोस्टिंग नहीं होगी। उनका पहले हिसाब-किताब होगा। कुछ यूजर्स इस वीडियो को लोकसभा चुनाव का परिणाम आने के बाद का बता रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी का यह वायरल वीडियो करीब दो साल पुराना है। वीडियो वायरल होने के बाद अब्बास के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। इसका लोकसभा चुनाव 2024 से कोई संबंध नहीं है। अब्बास अंसारी इस समय जेल में बंद हैं।

क्या है वायरल पोस्ट

एक्स यूजर Shubhangi Pandit (आर्काइव लिंक) ने 6 जून को वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा,

बधाई हो हिन्दुओ
अखिलेश यादव के खास, माफिया मुख्तार अंसारी के बेटे की अधिकारियों को सीधी धमकी
अखिलेश से कहकर आया हूँ किसी अधिकारी का ट्रांसफर नही होगा, वो यहीं रहेगा, कहीं नही जाएगा, पहले हिसाब होगा- भारत समाचार

वीडियो पर लिखा है, “इतनी सी सीट आने पर इनका यह हाल है गलती से जीत जाते तो हिंदुओं तुम घर में घुसते फिरते, क्योंकि तुमसे लड़ना भी नहीं आता

फेसबुक यूजर Ram Jatan (आर्काइव लिंक) ने भी वीडियो को इसी तरह के दावे के साथ शेयर किया है।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। जनसत्ता की वेबसाइट पर 4 मार्च 2022 को इस बारे में छपी खबर में लिखा है, “उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठे चरण की वोटिंग के बाद सोशल मीडिया पर मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी के विवादित बयान का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह कह रहे हैं कि सपा के चुनाव जीतने के बाद पहले अधिकारियों का हिसाब-किताब होगा फिर उनका ट्रांसफर होगा। मऊ के पहाड़पुरा मैदान में हुई जनसभा में उन्होंने यह विवादित बयान दिया। सभा में उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी गाड़ी की दिन में कई बार चेकिंग हो रही है, जबकि अन्य उम्मीदवारों की चेकिंग नहीं हो रही है। अब्बास मऊ से समाजवादी पार्टी (सपा) की सहयोगी पार्टी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।”

भाजपा के प्रवक्ता शहजाद जय हिंद ने वायरल वीडियो को 4 मार्च 2022 को पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है।

दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 12 मार्च 2022 को छपी खबर में लिखा है कि मऊ सदर सीट से सुभासपा के टिकट पर चुनाव जीत चुके अब्बास अंसारी ने 3 मार्च की रात को पहाड़पुरा मैदान में हुई एक जनसभा में विवादित बयान दिया था। इसमें उन्होंने सरकार बनने के बाद अधिकारियों से हिसाब-किताब की बात कही थी। इस बयान के बाद चुनाव आयोग ने 24 घंटे तक उनको प्रचार से रोक दिया था। इस मामले में पुलिस ने उन पर केस भी दर्ज किया था।

29 मई 2024 को लाइव हिन्दुस्तान की वेबसाइट पर छपी खबर के मुताबिक, अब्बास अंसारी इस समय जेल में बंद हैं।

इस बारे में मऊ में दैनिक जागरण के संपादकीय प्रभारी जयप्रकाश निषाद का कहना है कि अब्बास अंसारी इस समय कासगंज जेल में बंद हैं। वायरल वीडियो उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान का है।

भारतीय निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, लोकसभा चुनाव 2024 में सपा 37 सीटें जीतकर तीसरी बड़ी पार्टी बनकर सामने आई है। इस चुनाव में भाजपा को 240 और कांग्रेस को 99 सीटें मिली हैं।

पुराना वीडियो शेयर करने वाले एक्स यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक विचारधारा से प्रभावित यूजर के करीब 22 हजार फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी का यह वीडियो करीब दो साल पुराना है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान उन्होंने यह विवादित बयान दिया था। इसके बाद उनके खिलाफ केस दर्ज हुआ था। इस समय अब्बास जेल में बंद हैं।

  • Claim Review : लोकसभा चुनाव परिणाम आने के बाद मुख्तार अंसारी के बेटे ने दिया विवादित बयान।
  • Claimed By : X User- Shubhangi Pandit
  • Fact Check : भ्रामक
भ्रामक
फेक न्यूज की प्रकृति को बताने वाला सिंबल
  • सच
  • भ्रामक
  • झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later