X
X

Fact Check: भजन गाते शिवराज सिंह चौहान का वायरल वीडियो वर्षों पुराना, राजनीतिक संन्यास के भ्रामक दावे से वायरल

भजन गाते हुए मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का वायरल हो रहा वीडियो क्लिप कई साल पुराना है, जिसे उनके राजनीतिक संन्यास लेकर अध्यात्म की तरफ से मुड़ जाने के भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। मोहन यादव को मध्य प्रदेश का नया मुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद से सोशल मीडिया पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पुरानी तस्वीरों और वीडियो को भ्रामक संदर्भ में शेयर किया जा रहा है।

इसी संदर्भ में शिवराज सिंह चौहान के वीडियो को शेयर किया जा रहा है, जिसमें वह भजन गाते हुए दिख रहे है। दावा किया जा रहा है कि शिवराज सिंह चौहान अब राजनीति से संन्यास लेते हुए अध्यात्म की तरफ मुड़ गए हैं। विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को भ्रामक पाया। वायरल हो रहा वीडियो करीब चार साल पुराना है, जिसे हाल का बताकर भ्रामक संदर्भ में शेयर किया जा रहा है।

कुछ दिनों पूर्व शिवराज सिंह चौहान का एक और वीडियो वायरल हुआ था, जिसे लेकर दावा किया गया था कि फिर से मुख्यमंत्री नहीं बनाए जाने की वजह से वह रो पड़े। विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में संबंधित दावे को गलत पाया था, जिसकी फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘Virendra Kumar Mishra’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “भजन करो प्यारे ये जीवन दो दिन का…..
मध्य प्रदेश के मामा जी पूर्व सीएम श्री @ChouhanShivraj जी….अध्यात्म की ओर मुड़ गए हैं !
भजन बहुत सुन्दर गाते हैं सुन लीजिए भजन गाते हुए…….
राम भजन सुखदायी, जपो रे मेरे भाई! ये जीवन दो दिन का।
राम भजन सुखदायी, जपो रे मेरी माई! ये जीवन दो दिन का।”

कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान और मिलते-जुलते दावे के साथ हालिया संदर्भ में शेयर किया है। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर भी इस वीडियो को हालिया संदर्भ में शेयर किया गया है।

पड़ताल

वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर यह वीडियो ‘Manoj Gautam’ नाम के यू-ट्यूब चैनल पर लगा मिला, जिसे उन्होंने करीब चार साल पहले शेयर किया है।

हालांकि, इस वीडियो में हमें लोकेशन और संदर्भ के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। इसलिए की-वर्ड्स के साथ की-फ्रेम्स को फिर से सर्च किया। सर्च में हमें एबीपी लाइव के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर करीब पांच साल पहले अपलोड किया हुआ बुलेटिन मिला, जो आसाराम के राजनीतिक समीकरणों पर तैयार किया गया बुलेटिन था।

इस बुलेटिन में हमें शिवराज सिंह का भजन वाला वायरल क्लिप भी मिला। दी गई जानकारी के मुताबिक, यह आसाराम के मंच पर उनके भजन गाने का वीडियो है।

वायरल वीडियो क्लिप को लेकर हमने मध्य प्रदेश नईदुनिया के राज्य ब्यूरो प्रमुख धनंजय प्रताप सिंह से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि यह वीडियो काफी पुराना है।

सर्च में हमें चौहान का कई अन्य वीडियो क्लिप मिला, जिसमें उन्हें अलग-अलग मौकों पर इस भजन को गाते हुए सुना जा सकता है।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने राज्य में एक बार फिर से अपनी सरकार बनाई है और इस बार शिवराज सिंह चौहान की जगह मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनाया गया है, जिनका शपथग्रहण 11 दिसंबर को हुआ।

वायरल वीडियो क्लिप को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल विचारधारा विशेष से प्रेरित है।

निष्कर्ष: भजन गाते हुए मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का वायरल हो रहा वीडियो क्लिप कई साल पुराना है, जिसे उनके राजनीतिक संन्यास लेकर अध्यात्म की तरफ से मुड़ जाने के भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : आध्यात्म की तरफ चल पडे़ मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान।
  • Claimed By : FB User-Virendra Kumar Mishra
  • Fact Check : भ्रामक
भ्रामक
फेक न्यूज की प्रकृति को बताने वाला सिंबल
  • सच
  • भ्रामक
  • झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later