Fact Check: ब्राह्मणों को यूपी से बाहर निकालने की बात कहने वाला शख्स नहीं रहा है सपा सरकार में मंत्री, 2014 का वीडियो हो रहा वायरल

वायरल वीडियो वर्ष 2014 का है। उसमें दिख रहे शख्स का नाम राजीव कुमार यादव है। वीडियो को पोस्ट करके उसके सपा सरकार में मंत्री रहने का भ्रामक दावा किया जा रहा है।

Fact Check: ब्राह्मणों को यूपी से बाहर निकालने की बात कहने वाला शख्स नहीं रहा है सपा सरकार में मंत्री, 2014 का वीडियो हो रहा वायरल

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें 1.32 मिनट का एक वीडियो है। इसे देखने से ऐसे लग रहा है, जैसे यह किसी कार्यालय का है। इसमें दिख रहा शख्स कह रहा है कि इस सरकार की प्राथमिकता यादव प्लस मुस्लिम है। उत्तर प्रदेश यादवों और मुसलमानों का राज्य है। ब्राह्मण मोदी के प्रदेश में अहमदाबाद चले जाएं। ब्राह्मण कश्मीर छोड़ सकते हैं तो यूपी हम छुड़ाएंगे आपको। वीडियो में दूसरा शख्स सामने वाले से उसका ट्रांसफर कराने की चुनौती भी देता है।

पोस्ट में एक खबर का स्क्रीनशॉट भी है। इसकी हेडिंग है, ‘सपा विधायक के बिगड़े बोल, ब्राह्मण—क्षत्रिय चोर हैं हमें नहीं चाहिए आपका वोट’। खबर में लिखा है कि सपा विधायक अबरार अहमद ने विवादित बयान दिया है। वह यूपी के सुलतानपुर जिले में इसौली से विधायक हैं। उनका कहना है कि उनको ब्राह्मण और क्षत्रियों के वोट नहीं चाहिए। वीडियो और स्क्रीनशॉट पोस्ट करके दावा किया गया है कि यह बयान व धमकी देने वाले अखिलेश यादव की सरकार में मंत्री रह चुके हैं।

विश्वास न्यूज की पड़ताल में दावा गलत मिला। दरअसल, वायरल वीडियो वर्ष 2014 का है। उसमें दिख रहे शख्स का नाम राजीव कुमार यादव है। उसने खुद के सपा से जुड़े होने से इंकार किया। बिजनौर सपा के प्रवक्ता ने भी राजीव के पार्टी से जुड़े होने से इंकार किया। वहीं, स्क्रीनशॉट में इसौली विधायक अबरार अहमद की बात हो रही है।

क्या है वायरल पोस्ट में

फेसबुक यूजर Bharat Sharma ने 5 जनवरी को वीडियो और स्क्रीनशॉट पोस्ट करते हुए लिखा, ये है अखिलेश मियां की सरकार में मंत्री जो खुलेआम धमकी दे रहा है कि_ _ #ब्राह्मणों को यूपी से भगाएंगे जैसे कश्मीर से भगाया था और यूपी यादवों और मुसलमानों का है।

पड़ताल

सबसे पहले हमने वीडियो की पड़ताल की। इसमें फ्रेम निकालकर हमने गूगल रिवर्स इमेज टूल से सर्च किया। इसमें हमें जी न्यूज में 9 अगस्त 2016 को छपी खबर का लिंक मिला। इसमें वीडियो में नजर आ रहा शख्स दिख रहा है। खबर के मुताबिक, वीडियो में दिख रहे शख्स का नाम राजीव कुमार यादव है। वह खुद को सपा नेता बताता है। बिजनौर जिले के कथित सपा नेता का यह वीडियो वायरल हो रहा है। वह सरकारी कर्मचारी से कह रहा है कि ब्राह्मणों को यूपी छोड़ना पड़ेगा और मोदी के अहमदाबाद में जाना पड़ेगा। उसने यहां तक कहा कि ब्राह्मण घूस लेते हैं।

वीडियो को और सर्च करने पर हमें jantakiawaz में 9 अगस्त 2016 को छपी खबर मिली। इसमें राजीव कुमार यादव का विजिटिंग कार्ड भी दिया गया है। विजिटिंग कार्ड के अनुसार, राजीव कुमार यादव बिजनौर सपा के सैनिक प्रकोष्ठ प्रभारी हैं।

इसकी पुष्टि के लिए हमने विजिटिंग कार्ड पर लिखे नंबर पर बात की। नंबर राजीव कुमार यादव का ही है। राजीव कुमार यादव ने कहा, मैं सरकारी नौकरी में हूं और सपा से भी जुड़ा हुआ नहीं हूं। वीडियो के बारे में उन्होंने कहा, यह 2014 का मुरादाबाद का वीडियो है। इसमें बाबू रिश्वत मांग रहा था। विजिटिंग कार्ड के बारे में उन्होंने कहा, यह किसी ने छपवा दिया होगा मेरा सपा से कोई वास्ता नहीं है।

वहीं, बिजनौर जिले के सपा प्रवक्ता अखलाक पप्पू का कहना है कि राजीव कुमार यादव नाम का कोई भी शख्स सपा से जुड़ा हुआ नहीं है। हां, पार्टी में सैनिक प्रकोष्ठ होने की बात उन्होंने मानी।

अब बात करते हैं स्क्रीनशॉट की। 28 सितंबर 2021 को जी न्यूज में छपी खबर के मुताबिक, इसौली से सपा विधायक अबरार अहमद ने ब्राह्मणों और क्षत्रियों को लेकर विवादित बयान दिया है। एक होटल में प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने विवादित टिप्पणी की है।

वीडियो और स्क्रीनशॉट को पोस्ट कर भ्रामक दावा करने वाले फेसबुक यूजर Bharat Sharma की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। वह एक विचारधारा से प्रेरित हैं।

निष्कर्ष: वायरल वीडियो वर्ष 2014 का है। उसमें दिख रहे शख्स का नाम राजीव कुमार यादव है। वीडियो को पोस्ट करके उसके सपा सरकार में मंत्री रहने का भ्रामक दावा किया जा रहा है।

Misleading
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट