Fact Check:  हिमालया कंपनी के मालिक के नाम से फिर वायरल हुई फर्जी पोस्ट

विश्वास न्यूज की जांच में यह दावा फेक साबित हुआ। वीडियो में दिख रहे व्यक्ति एडवोकेट भानु प्रताप सिंह हैं। वे हिमालया ड्रग कंपनी से जुड़े हुए नहीं हैं।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल  है, जिसमें एक व्यक्ति को पतंजलि और रिलायंस के खिलाफ बोलते देखा जा सकता है। पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि यह व्यक्ति हिमालया ड्रग कंपनी के मालिक हैं।

विश्वास न्यूज की पड़ताल में यह दावा गलत निकला। वीडियो में नजर आ रहे व्यक्ति एडवोकेट भानु प्रताप सिंह हैं। वे हिमालया ड्रग कंपनी से जुड़े हुए नहीं हैं।

क्या है फेसबुक पोस्ट में?

फेसबुक यूजर Nandu Ji ने 18 अक्टूबर 2024 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा , ”*लगता* है कि *रिलायन्स* और *पतंजली* के कारण इसकी *कमर* *टूट* रही है। *Himalaya* कम्पनी का *मालिक* है ये मुसलमान है इसके भाषण को सुनिए विचार कीजिए और सतर्क हो जाइए , आयुर्वेदिक मेडिसिन से ब्यूटि प्रॉडक्ट्स बनाता है *liv52* *syrup* se lekar *himaliya* *neem*  *tulsi* aur *hand* *sensitiser* tak , हिमालय नाम सुनके हम जल्दी भावुक हो जाते हैं और हमारा फैसला और कंपनियों को छोड़कर हिमालय के नाम पर भरोसा हो जाता है जबकि इसकी सच्चाई सामने से देखी जा सकती है ,सभी ग्रूप में डालिए और खरीदना बंद कीजिए स्वयं घुटने पर आ जाएगा  बहुत ऑप्शन्स है।”

पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने पहले भी की बार इस वीडियो की जांच की है । उस समय वीडियो को ठीक से देखने पर हमें लोगों के हाथों में CAA, NRC लिखे झंडे दिखे थे। वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च करने पर हमें इस वीडियो के बारे में एक खबर ईस्ट कोस्ट डेली की वेबसाइट पर  19 जनवरी 2020 को प्रकाशित मिली थी। इस खबर में यह वीडियो एम्बेडेड था। यहां वीडियो में दिख रहे व्यक्ति को एडवोकेट भानु प्रताप सिंह बताया गया था।

ढूंढ़ने पर हमें पता चला कि भानु प्रताप सिंह  एक वकील हैं। हमने इस विषय में एडवोकेट भानु प्रताप सिंह से फोन के जरिये 2021 में संपर्क भी किया था। उन्होंने कन्फर्म किया था कि वीडियो में वे ही हैं और वे किसी भी प्रकार से हिमालया ड्रग कंपनी से जुड़े हुए नहीं हैं।

वायरल पोस्ट में किए जा रहे दावे की पुष्टि के लिए हमने हिमालया कंपनी की स्पोकपर्सन से भी बात की थी। उन्होंने हमें बताया था, “ये वायरल पोस्ट फर्जी है। वीडियो में दिख रहे व्यक्ति किसी भी प्रकार से हिमालया ड्रग कंपनी से जुड़े हुए नहीं हैं।”

 हिमालया ड्रग कंपनी की वेबसाइट पर एक डेडिकेटेड पेज पर कंपनी की पूरी लीडरशिप के बारे में जानकारी है। यहां कहीं भी एडवोकेट भानु का नाम नहीं है।

वायरल वीडियो शेयर करने वाले फेसबुक यूजर Nandu Ji के 700 से अधिक फॉलोअर्स हैं और वे मुंबई के रहने वाले हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में यह दावा फेक साबित हुआ। वीडियो में दिख रहे व्यक्ति एडवोकेट भानु प्रताप सिंह हैं। वे हिमालया ड्रग कंपनी से जुड़े हुए नहीं हैं।

False
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट