X
X

Fact Check: तेजस्वी यादव के लंदन दौरे की पुरानी तस्वीर गलत दावे से हो रही वायरल

बिहार के डिप्टी सीएम रहने के दौरान तेजस्वी यादव अगस्त 2016 में लंदन के आधिकारिक दौरे पर गए थे। तब उन्होंने इंस्टीट्यूशन ऑफ सिविल इंजीनियर्स (ICE) के नॉलेज सेशन में हिस्सा लिया था। इसी कार्यक्रम की तस्वीरों को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

  • By: ameesh rai
  • Published: Nov 6, 2020 at 07:35 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज) । सोशल मीडिया पर तेजस्वी यादव से जुड़ा एक दावा वायरल हो रहा है। विश्वास न्यूज को अपने फैक्ट चेकिंग वॉट्सऐप चैटबॉट (+91 95992 99372) पर ये दावा फैक्ट चेक के लिए मिला है। इस पोस्ट में तेजस्वी यादव की एक तस्वीर शेयर कर दावा किया जा रहा है कि उन्हें लंदन में सबसे युवा राजनीतिक अवॉर्ड मिला है। विश्वास न्यूज की पड़ताल में यह दावा गलत निकला है। बिहार के डिप्टी सीएम रहते हुए तेजस्वी यादव के आधिकारिक लंदन दौरे की तस्वीर को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

क्या हो रहा है वायरल

विश्वास न्यूज को अपने वॉट्सऐप चैटबॉट पर जो तस्वीर मिली है उसपर लिखा है कि तेजस्वी यादव को लंदन में सबसे युवा राजनीतिक अवॉर्ड मिला है। इस पोस्ट को यहां नीचे देखा जा सकता है।

विश्वास न्यूज को यही दावा ट्विटर जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी मिला। वायरल तस्वीर के अलावा तेजस्वी यादव की दूसरी तस्वीरों संग भी यही दावा किया गया है। इन तस्वीरों में तेजस्वी विदेशी लोगों संग खड़े दिख रहे हैं। ऐसा ही दावा करने वाली एक ट्विटर पोस्ट के आर्काइव्ड लिंक को यहां क्लिक कर देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने तेजस्वी यादव की तस्वीरों संग वायरल हो रहे दावे की पड़ताल के पहले गूगल रिवर्स इमेज सर्च टूल का इस्तेमाल किया। इस टूल का इस्तेमाल करने के बाद गूगल सर्च में हमें ढेरों नतीजे मिले। हमें खुद तेजस्वी यादव के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट मिला, जिसमें ये वायरल तस्वीर भी दिखी। ये ट्वीट 11 अगस्त 2016 का है। तेजस्वी यादव तब बिहार के डिप्टी सीएम हुआ करते थे। तेजस्वी यादव ने वायरल तस्वीर संग एक और तस्वीर शेयर करते हुए जानकारी दी थी कि वह लंदन में इंस्टीट्यूशन ऑफ सिविल इंजीनियर्स (ICE) के सदस्यों के साथ नॉलेज शेयरिंग सेशन में शामिल हुए थे। इस ट्वीट को यहां नीचे देखा जा सकता है।

तब तेजस्वी यादव ने इंस्टीट्यूशन ऑफ सिविल इंजीनियर्स लंदन में भाषण भी दिया था, जिसका पूरा टेक्स्ट उन्होंने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर भी शेयर किया था। तेजस्वी यादव के फेसबुक पेज पर 11 अगस्त 2016 को शेयर हुए उस पोस्ट को यहां क्लिक कर देखा जा सकता है।

तेजस्वी यादव की दूसरी तस्वीर के साथ भी यही दावा किया जा रहा था। विश्वास न्यूज ने उस तस्वीर पर भी गूगल रिवर्स इमेज सर्च टूल का इस्तेमाल किया। हमें 17 अगस्त 2016 को प्रभात खबर अखबार की वेबसाइट पर प्रकाशित एक रिपोर्ट में ये तस्वीर मिली। ये रिपोर्ट अगस्त 2016 में जेनेवा में यूएन इकोनॉमिक कमीशन फॉर यूरोप के प्रतिनिधिमंडल संग तत्कालीन डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव की बैठक पर आधारित है।

यानी दोनों ही तस्वीरें किसी अवॉर्ड समारोह की नहीं, बल्कि बिहार का उपमुख्यमंत्री रहते हुए तेजस्वी यादव के आधिकारिक विदेश दौरे से जुड़ी हुई हैं।

विश्वास न्यूज को अपनी पड़ताल के दौरान ऐसी कोई प्रामाणिक मीडिया रिपोर्ट भी नहीं मिली, जो इस बात की पुष्टि करती हो कि तेजस्वी यादव को लंदन में कोई युवा राजनीतिक अवॉर्ड मिला है।

विश्वास न्यूज ने इस संबंध में जागरण डॉट कॉम के बिहार प्रभारी अमित आलोक से भी संपर्क किया। उन्होंने बताया कि तथ्य तो यही है कि वायरल तस्वीर पुरानी है। ये बात तेजस्वी यादव के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से भी साबित होती है। उन्होंने बताया कि तेजस्वी यादव बिहार के डिप्टी सीएम रहते आधिकारिक कार्यक्रम में बिहार सरकार की तरफ से लंदन गए थे और ये तभी की तस्वीर है।

विश्वास न्यूज ने इस संबंध में अंतरराष्ट्रीय मामलों के जानकार और इंडियन काउंसिल ऑफ वर्ल्ड अफेयर्स (ICWA) में रिसर्च फेलो आशीष शुक्ला से भी बात की। आशीष शुक्ला ने हमें बताया कि इंस्टीट्यूशन ऑफ सिविल इंजीनियर्स (ICE) सिविल इंजीनियर्स और टेक्निशियन को सपोर्ट करने वाली संस्था है। ये राजनीति के क्षेत्र में नहीं, बल्कि इंजीनियरिंग के क्षेत्र में काम करती है और इसकी गतिविधियां, अवॉर्ड आदि भी इसी फील्ड से जुड़े हुए हैं।

विश्वास न्यूज ने ICE की आधिकारिक वेबसाइट को भी खंगाला। हमें इस वेबसाइट पर राजनीति से जुड़े किसी अवॉर्ड की कोई जानकारी नहीं मिली।

विश्वास न्यूज ने इस वायरल दावे को ट्वीट करने वाले यूजर की ट्विटर प्रोफाइल को स्कैन किया। यह प्रोफाइल जनवरी 2019 में बनाई गई है। प्रोफाइल पर दी गई जानकारी के मुताबिक ट्विटर यूजर बक्सर, बिहार के रहने वाले हैं। फैक्ट चेक किए जाने तक उनके 3751 फॉलोअर्स थे।

निष्कर्ष: बिहार के डिप्टी सीएम रहने के दौरान तेजस्वी यादव अगस्त 2016 में लंदन के आधिकारिक दौरे पर गए थे। तब उन्होंने इंस्टीट्यूशन ऑफ सिविल इंजीनियर्स (ICE) के नॉलेज सेशन में हिस्सा लिया था। इसी कार्यक्रम की तस्वीरों को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

  • Claim Review : तेजस्वी यादव की एक तस्वीर शेयर कर दावा किया जा रहा है कि उन्हें लंदन में सबसे युवा राजनीतिक अवॉर्ड मिला है।
  • Claimed By : वॉट्सऐप यूजर
  • Fact Check : झूठ
झूठ
फेक न्यूज की प्रकृति को बताने वाला सिंबल
  • सच
  • भ्रामक
  • झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later