X
X

Fact Check: नागरिकता कानून के विरोध के डर से असम छोड़कर भागे सर्वानंद सोनोवाल?, फर्जी दावा हो रहा वायरल

नई दिल्ली (विश्वास टीम)। सोशल मीडिया पर असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल की एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें वह कुछ सुरक्षा गार्ड के साथ नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शन की वजह से सोनोवाल असम छोड़कर भाग गए हैं।

विश्वास न्यूज की पड़ताल में यह दावा गलत निकला। मुख्यमंत्री की जो तस्वीर वायरल हो रही है, वह एक जल आपूर्ति परियोजना के निरीक्षण की है।

क्या है वायरल पोस्ट में?

फेसबुक यूजर मोहम्मद ओवैस (Mohammad Owais) ने मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल की तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा है, ‘यह असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल घर छोड़ कर भागने के हुए मजबूर हैं जो #CAB विरोधी प्रदर्शनकारियों के डर से घर के पिछवाड़े से भाग रहे हैं।’

असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल की वायरल तस्वीर

पड़ताल किए जाने तक इस पोस्ट को 200 से अधिक लोग शेयर कर चुके हैं।

पड़ताल

तस्वीर की रिवर्स इमेज किए जाने पर हमें असम के स्थानीय न्यूज चैनल पराग न्यूज (Prag News) के यू-ट्यूब पर एक मई 2019 को अपलोड किया गया एक वीडियो मिला, जिसमें यही तस्वीर नजर आ रही है। वीडियो के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक, गुवाहाटी में चल रही जिका प्रोजेक्ट का निरीक्षण करने मुख्यमंत्री पहुंचे थे।

जल आपूर्ति का यह प्रोजेक्ट गुवाहाटी के लोगों को स्वच्छ पेय जल मुहैया कराएगा। इस दौरे में मुख्यमंत्री के साथ शिक्षा मंत्री सिद्धार्थ भट्टाचार्य भी थे।

यहां से मिले की-वर्ड के साथ सर्च करने पर असम के न्यूज पोर्टल www.sentinelassam.com पर एक मई 2019 को प्रकाशित खबर का लिंक मिला, जिसमें मुख्यमंत्री के जल आपूर्ति प्रोजेक्ट के निरीक्षण दौरे का जिक्र है।

खबर के मुताबिक, मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने ग्रेटर गुवाहाटी वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट की निर्माण गतिविधियों का जायजा लिया। इस परियोजना को JICA नाम की एजेंसी बना रही है।

विश्वास न्यूज ने इसे लेकर मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल के मीडिया सलाहकार ऋषिकेश गोस्वामी से संपर्क किया। इसके बाद असम के मुख्यमंत्री के ओएसडी (आईटी) कुलदीप गायम ने विश्वास न्यूज से संपर्क किया। उन्होंने बताया, ‘जो तस्वीर वायरल हो रही है, वह पुरानी है। वास्तव में मुख्यमंत्री गुवाहाटी में ही बन रहे एक जल आपूर्ति संयंत्र के निर्माण कार्य का जायजा लेने गए थे और तभी यह तस्वीर खींची गई थी।’ उन्होंने कहा, ‘यह तस्वीर शायद मई महीने की है।’

गौरतलब है कि नागरिकता संशोधन विधेयक को संसद से 11 दिसंबर को पारित किया गया। 10 दिसंबर को लोकसभा से पारित होने के बाद 11 दिसंबर को नागरिकता संशोधन विधेयक को राज्यसभा से पास किया गया था, जिसके बाद राष्ट्रपति की मंजूरी मिली और यह विधेयक कानून बन गया।

नागरिकता संशोधन कानून के लागू होने के बाद असम समेत देश के अन्य राज्यों में विरोध प्रदर्शन हो रहा है, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर फर्जी तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं। विश्वास न्यूज पर असम को लेकर फैलाई गई फर्जी खबरों की पड़ताल को पढ़ा जा सकता है।

निष्कर्ष: असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल के राज्य छोड़कर भागने के दावे के साथ वायरल हो रही तस्वीर फर्जी है। जो तस्वीर इस दावे के साथ वायरल हो रही है, वह एक जल आपूर्ति योजना के निरीक्षण की है।

  • Claim Review : असम में CAA के खिलाफ हुए प्रोटेस्ट से डर कर राज्य छोड़कर भागे मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल
  • Claimed By : FB User-Mohammad Owais
  • Fact Check : झूठ
झूठ
फेक न्यूज की प्रकृति को बताने वाला सिंबल
  • सच
  • भ्रामक
  • झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later