X
X

Fact Check: फतेहपुर में युवती को पीटने का आरोपी भी उसी बिरादरी का, वायरल दावा भ्रामक

फतेहपुर जिले के किशपुर थाना क्षेत्र में हैंडपंप से पानी भरने के विवाद में एक युवती की पिटाई कर दी गई थी। इस मामले में आरोपी और पीड़िता दोनों एक ही बिरादरी के हैं।

Fact Check, Fatehpur, Viral Video,

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। फतेहपुर के नाम से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें शख्स को एक युवती को बुरी तरह पीटते हुए देखा जा सकता है। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि हैंडपंप से पानी भरने पर दबंगों ने दलित युवती को पीटा। जिस तरह से यूजर्स इसे शेयर कर रहे हैं कि उससे ऐसा प्रतीत हो रहा है, जैसे किसी अन्य बिरादरी के शख्स ने दलित युवती को पीटा है।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि युवती को पीटने का आरोपी भी उसकी ही बिरादरी का है। दोनों पड़ोसी हैं। इसमें जाति का कोई एंगल नहीं है।

क्या है वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर ‘जुगल किशोर अंबेडकरवादी‘ (आर्काइव लिंक) ने 3 अप्रैल को वीडियो शेयर करते हुए लिखा,

“दलित लड़की को नल से पानी भरना पड़ा महंगा दबंगों ने की बुरी तरह पिटाई।

फतेहपुर: सरकारी हैंडपंप में पानी भरने से दलित युवती को रोका, इसका विरोध करने पर बर्बरता पूर्वक युवती की बेरहमी से पिटाई की”

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने गूगल पर कीवर्ड से इस बारे में सर्च किया। दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर 3 दिन पहले छपी खबर में लिखा है कि फतेहपुर में सरकारी हैंडपंप से पानी भरने के विवाद में दबंगों ने युवती को बुरी तरह पीटा। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना किशनपुर थाना क्षेत्र के रारी गांव में सामने आई है। दयाराम पासवान की बेटी गायत्री हैंडपंप से पानी भर रही थी। इस बीच उसका पड़ोसी महिला कौशल्या से विवाद हो गया। इसके बाद कौशल्या के पति जवाहरलाल पासवान ने युवती की पिटाई कर दी।

दैनिक जागरण के फतेहपुर संस्करण में छपी खबर में लिखा है कि घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले के चार आरोपियों का मारपीट में चालान भेजा है।

फतेहपुर पुलिस के आधिकारिक एक्स हैंडल से 1 अप्रैल को अपर पुलिस अधीक्षक का बयान पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया गया है। इसमें वह कह रहे हैं कि सरकारी हैंडपंप पर पानी भरने को लेकर पासवान बिरादरी के दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। दयाराम पासवान की पुत्री के साथ मारपीट की गई थी। केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

इस बारे में किशनपुर इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह का कहना है कि रारी गांव में मारपीट का मामला सामने आया था। दोनों ही पासवान बिरादरी के हैं और पड़ोसी हैं।

वीडियो को भ्रामक दावे के साथ पोस्ट करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर एक विचारधारा से प्रभावित हैं।

निष्कर्ष: फतेहपुर जिले के किशपुर थाना क्षेत्र में हैंडपंप से पानी भरने के विवाद में एक युवती की पिटाई कर दी गई थी। इस मामले में आरोपी और पीड़िता दोनों एक ही बिरादरी के हैं।

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later