X
X

Fact Check: मदीना की यात्रा पर गए इंडोनेशियाई मुस्लिमों के वीडियो को राम मंदिर से जोड़कर फेक दावे से किया जा रहा वायरल

इंडोनेशिया से उमरा/हज करने गए मुस्लिम श्रद्धालुओं के वीडियो क्लिप को अयोध्या से मक्का गए हिंदू समूह के नाम पर फेक दावे से वायरल किया जा रहा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में भगवा व सफेद वस्त्र धारण किए हुए श्रद्धालुओं की भीड़ को देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि अयोध्या में राम मंदिर बनने के उपलक्ष्य में भारत से साधुओं की एक टोली मक्का के काबा पहुंचकर हिंदू धर्म का प्रचार कर रही है।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वायरल वीडियो क्लिप का अयोध्या या भारत से कोई संबंध नहीं है। वायरल वीडियो में नजर आ रहे श्रद्धालु इंडोनेशियाई हैं, जो 2022 में मक्का की यात्रा पर गए थे। इसी पुराने वीडियो क्लिप को अयोध्या के नाम पर मक्का में हिंदू धर्म के प्रचार के गलत दावे से वायरल किया जा रहा है।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘रामराज मे हिन्दूराष्ट्र’ ने वायरल वीडियो क्लिप (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “राम मंदिर बनने के उपलक्ष्य में भारत से साधुओं की एक टोली पहुंची मेक्का के काबा में हिंदुत्व को प्रचार करने। सीना गर्व से चौड़ा हो गया। देखते ही शेयर करें।”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान और मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है।

पड़ताल

वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर यह वीडियो यू-ट्यूब चैनल ‘Baba Tasbi House’ पर मिला, जिसे 17 जनवरी 2024 को अपलोड किया गया है।

एक अन्य चैनल पर भी इस वीडियो को काबा शरीफ का बताते हुए दो हफ्ते पहले अपलोड किया गया है।

हालांकि, किसी भी वीडियो में हमें इसमें नजर आ रहे श्रद्धालुओं के संदर्भ में कोई जानकारी नहीं मिली। इसलिए वीडियो क्लिप में नजर आ रहे श्रद्धालुओं के की-फ्रेम्स को एक बार फिर से सर्च किया। सर्च में हमें El Leyla Official नामक यू-ट्यूब चैनल पर करीब एक साल पहले अपलोड किया हुआ वीडियो मिला, जिसमें नजर आ रही महिलाओं की  वेशभूषा, वायल वीडियो में नजर आ रही महिलाओं के समान है।

वीडियो के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक, यह  “Jamaah An Namiroh Group” के एक नवंबर 2022 की मदीना यात्रा का वीडियो है।

“An Namiroh Group” की-वर्ड से सर्च करने पर हमें एक यू-ट्यूब चैनल मिला, जहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह इंडोनेशियाई ट्रैवल एजेंसी है, जो हज/उमरा यात्रा कराती है। इस चैनल पर अन्य ऐसे वीडियो भी मौजूद हैं , जिसमें नजर आ रहे श्रद्धालु समान ड्रेस में नजर आ रहे हैं।

हमारी जांच से स्पष्ट है कि वायरल हो रहा वीडियो अयोध्या से मक्का गए हिंदू श्रद्धालुओं का नहीं, बल्कि इंडोनेशिया से हज/उमरा करने गए मुस्लिम श्रद्धालुओं का है।

वायरल वीडियो क्लिप को लेकर विश्वास न्यूज ने इंडोनेशियाई फैक्ट चेकिंग संस्था माफिंडो के फैक्ट चेकर आदि स्याफितरा से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया, “इसमें नजर आ रहे लोग इंडोनेशिया से मदीना उमरा करने गए लोगों का समूह है। ये हज यात्री नहीं हैं।”

वायरल वीडियो क्लिप को फेक दावे के साथ शेयर करने वाला ग्रुप पब्लिक ग्रुप है, जिसमें 930 से अधिक सदस्य हैं।

निष्कर्ष: इंडोनेशिया से उमरा/हज करने गए मुस्लिम श्रद्धालुओं के वीडियो क्लिप को अयोध्या से मक्का गए हिंदू समूह के नाम पर फेक दावे से वायरल किया जा रहा है।

  • Claim Review : राम मंदिर बनने के बाद हिंदुओं का एक दल मक्का पहुंचकर हिंदुत्व का प्रचार करता हुआ।
  • Claimed By : FB Page-रामराज मे हिन्दूराष्ट्र
  • Fact Check : झूठ
झूठ
फेक न्यूज की प्रकृति को बताने वाला सिंबल
  • सच
  • भ्रामक
  • झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later