X
X

Fact Check : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के वीडियो के साथ छेड़छाड़ करके किया गया वायरल

प्रेस कॉन्फ्रेंस के वीडियो में से 10 सेकंड की क्लिप को वायरल करके भ्रम फैलाया जा रहा है।

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की 10 सेकंड की एक वीडियो क्लिप वायरल हो रही है। सोशल मीडिया पर अलग-अलग यूजर्स इस क्लिप को वायरल करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए दावा कर रहे हैं कि अमित शाह ने स्‍वीकार किया है कि भाजपा राज में राफेल घोटाला हुआ है। यह वीडियो क्लिप फेसबुक के अलावा सोशल मीडिया के दूसरे प्‍लेटफार्म पर भी काफी ज्यादा वायरल है।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। दावा गलत साबित हुआ। दरअसल भोपाल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमित शाह की जुबान फिसल गई थी। कांग्रेस के घोटाले गिनाते वक्‍त उन्‍होंने लड़ाकू विमान घोटाले से पहले गलती से राफेल कह दिया था। प्रेस कॉन्फ्रेंस के वीडियो में से 10 सेकंड की क्लिप को वायरल करके भ्रम फैलाया जा रहा है।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर संतोष सम्राट ने 20 अगस्‍त को 10 सेकंड का एक वीडियो पोस्‍ट करते हुए दावा किया, “राफेल घोटाला हुआ – गृहमंत्री अमित शाह ने कहा!! सत्य तो सत्य होता है, सरस्वती मां ने खुद कुबूल करा दिया!! जैसे त्रेता युग में कुंभकर्ण के मुंह के जिह्वा पर सरस्वती बैठ कर इंद्रासन की जगह निंद्राशन कहलवाया था!”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों लिखा गया है। इसे सच मानकर दूसरे यूजर्स भी वायरल कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल वीडियो की सच्‍चाई जानने के लिए सबसे पहले इनविड टूल का इस्‍तेमाल किया। इस टूल की मदद से अमित शाह के वायरल वीडियो के कई कीफ्रेम्‍स निकाले गए। फिर इन्‍हें गूगल लेंस टूल की मदद से सर्च किया गया। इंडिया टुडे के यूट्यूब चैनल पर हमें असली वीडियो मिला। 20 अगस्‍त को लाइव किए गए इस वीडियो में अमित शाह को तत्कालीन कांग्रेस सरकार के समय हुए घोटाले के बारे में बोलते हुए सुना जा सकता है। वीडियो अमित शाह द्वारा मध्‍य प्रदेश की भाजपा सरकार के रिपोर्ट कार्ड को पेश करने के वक्‍त का है। उस वक्‍त उन्‍होंने एक प्रेस वार्ता को भी संबोधित किया था।

इस वीडियो में अमित शाह को 47:55 मिनट की टाइम लाइन पर यह बोलते हुए सुना जा सकता है, “कांग्रेस ने इतने साल में क्‍या किया। मैं कुछ घोटाले आपको जरूर बताना चाहूंगा। श्रीमान बंटाधार को इसका जवाब देना चाहिए। कमलनाथ को इसका जवाब देना चाहिए। जब-जब आपको शासन मिला घोटाले के अलावा आपने कुछ नहीं किया। आपने बोफोर्स घोटाला किया। टू जी स्पेक्ट्रम का घोटाला किया। सत्‍यम का घोटाला किया। कॉमनवेल्‍थ गेम का घोटाला किया। कोयला का घोटाला किया। चॉपर का घोटाला किया। टाटा ट्रक का घोटाला किया। टाट्रा ट्रक का घोटाला किया। नोट के बदले वोट का घोटाला किया। आदर्श सोसाइटी का घोटाला किया। नेशनल हेराल्‍ड का घोटाला किया। डीएलएफ घोटाला किया। चारा घोटाला किया। खाद्य सुरक्षा बिल का घोटाला किया। गाजियाबाद प्रोविडेंट फंड में घोटाला किया। हवाला कांड किया। आईपीएल का घोटाला किया। एलआईसी हाउसिंग का घोटाला किया। राफेल लड़ाकू…..लड़ाकू विमान में घोटाला किया।”

पड़ताल के दौरान कार्यक्रम का वीडियो भाजपा के यूट्यूब चैनल पर भी मिला। इसे 20 अगस्‍त को अपलोड किया गया था।

विश्‍वास न्‍यूज ने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए नईदुनिया, भोपाल के पॉलिटिकल एडिटर धनंजय प्रताप सिंह से संपर्क किया। वे अमित शाह की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद थे। विश्‍वास न्‍यूज ने उनके साथ वायरल वीडियो को शेयर किया। उन्‍होंने जानकारी देते हुए बताया कि वायरल वीडियो अमित शाह की प्रेस कॉन्फ्रेंस का है। वीडियो एडिटेड है। प्रेस वार्ता के दौरान अमित शाह कांग्रेस शासन काल में हुए घोटालों के नाम ले रहे थे। वीडियो उसी वक्‍त का है।

विश्‍वास न्‍यूज से बातचीत में मध्‍य प्रदेश, भाजपा प्रवक्‍ता पंकज चतुर्वेदी ने कहा कि वायरल वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है। अमित शाह कांग्रेस के घोटालों के बारे में बता रहे थे।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल पोस्‍ट भ्रामक साबित हुई। भोपाल में शिवराज सिंह चौहान की सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश करते वक्‍त केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस के वक्‍त के घोटालों के बारे में बोला था। उस वक्‍त उनकी जुबान फिसल गई थी और उन्‍होंने गलती से राफेल का नाम ले लिया था। अब उसी 10 सेकंड की क्लिप को काटकर यह कहकर वायरल किया जा रहा है कि अमित शाह ने स्‍वीकार किया है उनके शासन काल में राफेल घोटाला हुआ। यह दावा राजनीतिक दुष्‍प्रचार और फर्जी साबित होता है।

  • Claim Review : अमित शाह ने स्‍वीकार किया कि भाजपा सरकार में राफेल घोटाला हुआ है।
  • Claimed By : फेसबुक यूजर संतोष सम्राट
  • Fact Check : भ्रामक
भ्रामक
फेक न्यूज की प्रकृति को बताने वाला सिंबल
  • सच
  • भ्रामक
  • झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later