X
X

Fact Check : लव जिहाद के झूठे दावे के साथ मुस्लिम लड़की की हत्या से जुड़ा वीडियो वायरल

जांच में पता चला कि लड़की और दोनों युवक एक ही धर्म के थे। लड़की के हिंदू होने का दावा पूरी तरह बेबुनियाद साबित हुआ।

  • By: Ashish Maharishi
  • Published: Jul 13, 2023 at 03:40 PM
  • Updated: Jul 13, 2023 at 03:46 PM

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। लव जिहाद के नाम पर सोशल मीडिया पर कई प्रकार की फर्जी पोस्‍ट वायरल होती रहती हैं। अब एक वीडियो को वायरल करते हुए दावा किया जा रहा है कि सहारनपुर के दो मुस्लिम युवक आंध्र प्रदेश की हिंदू लड़की को भगाकर ले आए थे। बाद में उसे यमुना नदी के हथिनी कुंड बैराज में फेंक दिया। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्‍लेटफार्म पर यूजर्स इस दावे को सच मानकर सांप्रदायिकता फैला रहे हैं। विश्‍वास न्‍यूज ने विस्‍तार से वायरल पोस्‍ट की जांच की। दावा फर्जी साबित हुआ। दरअसल सहारनपुर की एक पुरानी घटना को झूठे दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। जांच में पता चला कि लड़की और दोनों युवक एक ही धर्म के थे। लड़की के हिंदू होने का दावा पूरी तरह बेबुनियाद साबित हुआ।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर ‘बी.एल. गुर्जर महरावण्ड‘ ने 12 जुलाई को एक वीडियो को पोस्‍ट करते हुए दावा किया, “लव जिहाद। सहारनपुर के बासित और तैयब विजयवाड़ा आंध्र प्रदेश की हिन्दू लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले आए और लाखों रुपए की नगदी-जेवरात लूटकर युवती को यमुना नदी हथिनी कुंड बैराज में धक्का देकर फेंका। दोनों आरोपी गिरफ्तार। युवती की तलाश जारी।”

पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर दूसरे यूजर्स भी वायरल कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच के लिए सबसे पहले वीडियो के कई की फ्रेम्‍स निकाले। फिर इन्‍हें गूगल रिवर्स सर्च इमेज टूल की मदद से सर्च करना शुरू किया। 4 अगस्‍त 2021 को वन न्‍यूज 24×7 नाम के एक यूटब चैनल पर हमें वायरल वीडियो से जुड़ी खबर मिली। खबर में बताया गया कि आंध्र प्रदेश की युवती तस्‍लीमा की हैदराबाद में सहारनपुर के आसिफ से मुलाकात हुई। जिसके बाद आसिफ अपने दोस्‍त तैयब के साथ तस्‍लीमा को दिल्‍ली से सहारनपुर लेकर आया था। जब तस्‍लीमा ने शादी की जिद की तो आसिफ ने अपने दोस्‍त की मदद से हथिनी कुंड बैराज में धक्‍का दे दिया।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए गूगल ओपन सर्च टूल का इस्‍तेमाल किया। 4 अगस्‍त 2021 को पब्लिश जागरण डॉट कॉम की खबर में बताया गया कि सहारनपुर के बेहट में आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा से शादी का झांसा देकर लाई गई जिस युवती को आरोपितों ने हथिनी कुंड बैराज में फेंक दिया था उसका शव पुलिस ने बरामद कर लिया था। विजयवाड़ा के कस्बा टू टाउन से शादी का झांसा देकर तस्लीम फातिमा पुत्री नसीम को सहारनपुर के दो युवक अपने साथ ले आए थे। सहारनपुर के थाना मंडी क्षेत्र में खाता खेड़ी संगम विहार निवासी वासिफ व मानकमऊ निवासी तैयब को पकड़ लिया गया। उन्होंने बताया कि युवती को वह फोटो खींचने का बहाना बनाकर हथिनी कुंड बैराज पर ले गए थे और उसे वहीं यमुना नदी में धक्का दे दिया था। पूरी खबर को यहां पढ़ा जा सकता है।

अमर उजाला की वेबसाइट के मुताबिक, तस्‍लीमा की हत्‍या 18 जुलाई 2021 को हुई थी। आसिफ व तैयब उसे हथिनी कुंड बैराज पर घुमाने ले गए थे। वहां पर उसे यमुना नदी में धक्‍का दे दिया। 4 अगस्‍त 2021 की इस खबर के अनुसार, युवती अपने साथ करीब 10 तोले सोने के जेवरात भी लेकर आई थी। इस खबर को यहां पढ़ें।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट के संबंध में दैनिक जागरण, सहारनपुर के ब्‍यूरो चीफ कपिल कुमार से संपर्क किया। उन्‍होंने बताया कि वायरल वीडियो उनके पास भी आया था। घटना 2021 की है। इसमें हिंदू युवती वाला एंगल झूठा है।

पड़ताल के अंत में फर्जी पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की गई। फेसबुक यूजर बी.एल. गुर्जर महरावण्ड को सात हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर राजस्‍थान के सवाई माधोपुर का रहने वाला है।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में हिंदू लड़की की हत्‍या के नाम पर वायरल पोस्‍ट फर्जी साबित हुई। सहारनपुर में 2021 को घटी एक घटना के वीडियो को कुछ लोग लव जिहाद के झूठे दावे के साथ वायरल कर रहे हैं।

  • Claim Review : लव जिहाद। सहारनपुर के बासित और तैयब विजयवाड़ा आंध्र प्रदेश की हिन्दू लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले आए और लाखों रुपए की नगदी-जेवरात लूटकर युवती को यमुना नदी हथिनी कुंड बैराज में धक्का देकर फेंका।
  • Claimed By : फेसबुक यूजर बी.एल. गुर्जर महरावण्ड
  • Fact Check : झूठ
झूठ
फेक न्यूज की प्रकृति को बताने वाला सिंबल
  • सच
  • भ्रामक
  • झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later