X
X

Fact Check : CM भगवंत मान के वीडियो से की गई छेड़छाड़, दो वीडियो को जोड़कर किया जा रहा है वायरल

पंजाब के सीएम भगवंत मान के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा विश्वास न्यूज़ की जांच में फर्जी निकला। वायरल वीडियो एडिटेड है, जिसे गलत दुष्प्रचार की मंशा से वायरल किया जा रहा है।

AAP

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के इंटरव्यू के दो वीडियो को मिलकर एक क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में सीएम मान को 9 महीने के कार्य का रिपोर्ट कार्ड वाले सवाल पूछे जाने पर यह कहते हुए सुना जा सकता है कि सिर्फ एडवरटिजमेंट चल रही है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इस क्लिप को सच समझकर दावा कर रहे हैं कि भगवंत मान अपनी पार्टी के बारे में बोल रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो क्लिप की पड़ताल की और दावा गलत पाया। वायरल क्लिप को दुष्प्रचार की मंशा से तैयार किया गया है। वायरल वीडियो को दो अलग-अलग वीडियो को जोड़कर बनाया गया है। जिसे एडिट कर अब फर्जी दावे से शेयर किया जा रहा है।

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर Jai Mahakal ने 13 फरवरी 2023 को वायरल कोलाज को शेयर किया है। वीडियो को शेयर करते हुए यूजर ने कैप्शन में लिखा है, “बदलाव के नौ महीने बारे अपने आप सुन लो। उन्हें मुबारकें जो कहते थे बदलाव लाना है। इनाक – लाभ ज़िंदाबाद, बदलाव ज़िंदाबाद।”

दूसरे यूजर्स भी इस दावे को सच मानकर शेयर कर रहे हैं। पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल

वायरल वीडियो क्लिप में मौजूद पहले वीडियो की पड़ताल के लिए हमने वीडियो के स्क्रीनशॉट को गूगल इमेज के जरिए सर्च किया। हमें यह वीडियो ‘India News’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर अपलोड मिला। 22 दिसंबर 2022 को अपलोड वीडियो में वायरल वीडियो के हिस्से को दो मिनट 37 सेकंड से देखा जा सकता है। वीडियो में होस्ट सीएम मान से पंजाब सरकार के रिपोर्ट कार्ड के बारे में पूछ रहा है, “पंजाब की जनता ने एक नया इतिहास लिखा है। उसने वहां जो दल पहले सत्ता में आ रहे थे , उनको हटा के आम आदमी पार्टी को सत्ता की कमान सौंपी है। बहुत सारे वादे। बहुत सारी उम्मीदों , बहुत सारी संभावनाओं के साथ आपकी सरकार वहां बनी है। आपने इस चुनाव से पहले बहुत सारी चीज़ों का वादा किया। पानी का है , बिजली का है , नौजवानों का है , भाईचारे का है बहुत सारी चीज़ों का है। नौ महीने आपकी सरकार को हो गए। नौ महीने की सरकार जो भगवंत की पंजाब की है। उसका अपना रिपोर्ट कार्ड आज की तारीख में क्या है।”

इसके जवाब में भगवंत मान कहते हैं कि “हमने आते ही वो काम किए, जो इससे पहले वाली सरकारें जाते समय करती है। आखिरी 6 महीने में। उन्हें लगता है कि साढ़े चार साल में जो लूट हमने की है, जो जुल्म हमने किया है उसे भूल जायेंगे। सिर्फ आखिरी छह महीने की बात याद रहेगी लोगों को। हमने सबसे पहले वो किया, जो आखिरी में करते हैं।” पूरी वीडियो यहां देखा जा सकता है।

वीडियो को सीएम भगवंत मान के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी 23 दिसंबर 2022 को अपलोड किया गया था। वीडियो को यहां देखा जा सकता है।

हमने दूसरे वीडियो क्लिप को गौर से देखा। हमने पाया कि जिस वीडियो में भगवंत मान को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “सिर्फ एडवरटाइजमेंट चल रही है।” उस वीडियो क्लिप पर प्राइम एशिया का लोगो लगा हुआ है। हमने प्राइम एशिया के यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो को खंगालना शुरू किया। इस दौरान हमें असली वीडियो 7 दिसंबर 2021 को प्राइम एशिया टीवी कनाडा यूट्यूब चैनल पर अपलोड हुआ मिला। वीडियो में 17 मिनट 16 सेकंड से सीएम मान के वायरल वीडियो के हिस्से को देखा जा सकता है। वीडियो में होस्ट को यह कहते हुए कि “इस वक्त जो लड़ाई है, वो दिल्ली वर्सेस पंजाब की बन गई है। उसमें भी एक बात एक जैसी है कि असल में आम आदमी कौन है। केजरीवाल साहब ने शब्द का इस्तेमाल किया कि कोई नकली आम आदमी या नकली केजरीवाल बन कर घूमता है यहां। उसके बाद चन्नी साहब उस बात का जवाब देने चल पड़े। की ऐसे कोई नकली धक्के से पंजाबी नहीं बन रहा है। केजरीवाल को ये काम तो आते नहीं, जो हमें आते हैं। ये लड़ाई लोगों की होनी चाहिए थी, ये दूसरी तरफ कैसे चली गई। “

इसके जवाब में भगवंत मान कहते हैं, “देखो अरविन्द केजरीवाल जब आते हैं तो आम आदमी पार्टी किसी मुद्दे की बात करती है। एजुकेशन , हेल्थ , हस्पताल मुद्दा है, जो किसी ने उठाया नहीं। पर चन्नी साहब सिर्फ एक बात बोलते हैं, मुझे बन्दर किला खेलना आता है। मुझे गुल्ली-डंडा आता है। मैं घास भी काट लेता हूँ। मैं टेंट भी लगा लेता हूँ। क्या हम इस मुद्दे पर लड़ेंगे। मुख्यमंत्री का काम होता है- पॉलिसी बनाना। इन्होने 72 दिनों का रिपोर्ट कार्ड जारी कर दिया। अब लोग 72 दिनों का हिसाब लेंगे या पूरे पौने पांच साल का। पहले के कार्य, जो कप्तान अमरिंदर सिंह के समय में किये गए, वो कहाँ है। बोल रहे हैं- वो भूल जाओ , सिर्फ मेरा 72 दिनों का कार्ड देखो। सिर्फ एडवरटिजमेंट चल रही है। और कुछ नहीं। “

हमारी पड़ताल से यह बात स्पष्ट होती है कि वीडियो एडिटेड है। दो अलग-अलग वीडियो को जोड़कर वायरल वीडियो तैयार किया गया है, जिसे दुष्प्रचार की मंशा से शेयर किया जा रहा है। अधिक जानकारी के लिए हमने आम आदमी पार्टी के पंजाब के प्रवक्ता नील गर्ग के साथ संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। एडिटेड है वीडियो।

पंजाब के सीएम भगवंत मान के कई एडिटेड वीडियो पहले भी गलत दावे के साथ वायरल किये जा चुके हैं। जिनकी पड़ताल विश्वास न्यूज़ ने की थी। आप हमारी पड़ताल को यहां पढ़ सकते हैं।

पड़ताल के अंत में हमने इस वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की सोशल स्कैनिंग की। स्कैनिंग में पता चला कि यूजर पंजाब के मुक्तसर का रहने वाला है। यूजर के फेसबुक पर 4 हज़ार से अधिक फ्रेंड्स हैं।

निष्कर्ष: पंजाब के सीएम भगवंत मान के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा विश्वास न्यूज़ की जांच में फर्जी निकला। वायरल वीडियो एडिटेड है, जिसे गलत दुष्प्रचार की मंशा से वायरल किया जा रहा है।

  • Claim Review : आम आदमी पार्टी का नौ महीने का रिपोर्ट कार्ड।
  • Claimed By : Jai Mahakal
  • Fact Check : झूठ
झूठ
फेक न्यूज की प्रकृति को बताने वाला सिंबल
  • सच
  • भ्रामक
  • झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later