X
X

Fact Check : फोटो के लिए राहुल गांधी ने बीच में नहीं रोकी आरती, वायरल वीडियो एडिटेड

विश्वास न्यूज की पड़ताल में राहुल गांधी को लेकर किया जा रहा वायरल दावा भ्रामक साबित हुआ। राहुल गांधी ने फोटो खिंचवाने के लिए आरती को बीच में नहीं रोका था। वीडियो को एडिट कर गलत संदर्भ में शेयर किया जा रहा है। राहुल गांधी मंदिर में आरती कर रहे पुजारियों को देखकर उन्हीं की तरह आरती कर रहे थे। हर तीन चक्कर के बाद वो कुछ देर के लिए रुक जाते थे और राहुल गांधी ने भी ऐसा ही किया था।

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Jan 14, 2023 at 11:11 AM
  • Updated: Feb 9, 2023 at 09:06 AM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा अपने दूसरे चरण में पंजाब पहुंच चुकी है। इसी बीच सोशल मीडिया पर आरती करते राहुल गांधी के एक वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि उन्होंने फोटो खिंचवाने के लिए आरती को बीच में ही रोक दिया।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि राहुल गांधी ने फोटो खिंचवाने के लिए आरती को बीच में नहीं रोका था, वीडियो को एडिट कर गलत संदर्भ में शेयर किया जा रहा है। राहुल गांधी मंदिर में आरती कर रहे पुजारियों को देखकर उन्हीं की तरह आरती कर रहे थे। हर तीन चक्कर के बाद वो कुछ देर के लिए रुक जाते थे। राहुल गांधी ने भी ऐसा ही किया था। 

क्या है वायरल पोस्ट में ?

ट्विटर यूजर बीएचके ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए अंग्रेजी में लिखा है, रुको..पहले कैमरे को आने दिया जाए।

पोस्ट के आकाईव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल 

वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो को गौर से देखा और पाया कि वीडियो पर एएनआई का लोगो लगा हुआ है। हमने एएनआई के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगालना शुरू किया। इस दौरान हमें पूरा वीडियो एएनआई के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर मिला। वीडियो को 8 जनवरी 2023 को शेयर किया गया था। ट्वीट के अनुसार, यह वीडियो  राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का है, जब वो हरियाणा के कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर में पूजा-आरती करने के लिए पहुंचे थे। वीडियो में देखा जा सकता है कि दो पुजारी राहुल गांधी के आगे खड़े हुए हैं और आरती कर रहे हैं। राहुल गांधी इन्हें देखकर इन्हीं की तरह पूजा-आरती कर रहे हैं। पुजारी आरती के दीपक को तीन बार घूमाते हैं और फिर रुक जाते हैं, जिन्हें देखकर राहुल गांधी भी रुक जाते हैं। 

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स से सर्च करना शुरू किया। इस दौरान हमें पूरा वीडियो कांग्रेस के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी अपलोड हुआ मिला। वीडियो को 8 जनवरी 2023 को शेयर किया गया था। वीडियो में राहुल गांधी को पुजारियों की तरह आरती करते हुए देखा जा सकता है।

आरती के बारे में और जानने के लिए हमने गूगल पर कीवर्ड्स के जरिए सर्च करना शुरू किया। इस दौरान हमें ब्रह्म सरोवर आरती के कई अन्य वीडियो मिले। वीडियो में पुजारी इस तरह से आरती करते हुए नजर आ रहे हैं। 

अधिक जानकारी के लिए हमने कुरुक्षेत्र दैनिक जागरण के रिपोर्टर बृजेश द्विवेदी की मदद से ब्रह्मसरोवर के पंडित बलराम गौतम से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया, “वायरल दावा गलत है। पुजारी ने कहा, “राहुल गांधी अन्य पुजारियों की तरह ही आरती कर रहे थे। वो पुजारियों को देखकर आरती को दोहरा रहे थे। वो फोटोशूट के लिए नहीं रुके थे। हर तीन फेरों के बाद पुजारियों ने आरती को थोड़ी देर के लिए रोका था और राहुल गांधी भी ऐसा ही कर रहे थे। इसी प्रकार की आरती हर जगह की जाती है। हमने उस दिन राहुल गांधी के लिए एक विशेष पूजा भी की थी।”

पड़ताल के अंत में विश्वास न्यूज ने फेक दावे को शेयर करने वाले यूजर के ट्विटर हैंडल बीएचके की सोशल स्कैनिंग की। ट्विटर पर यूजर के पांच हजार 7 सौ से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।  यूजर जून 2022 से सोशल मीडिया पर सक्रिय है। 

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में राहुल गांधी को लेकर किया जा रहा वायरल दावा भ्रामक साबित हुआ। राहुल गांधी ने फोटो खिंचवाने के लिए आरती को बीच में नहीं रोका था। वीडियो को एडिट कर गलत संदर्भ में शेयर किया जा रहा है। राहुल गांधी मंदिर में आरती कर रहे पुजारियों को देखकर उन्हीं की तरह आरती कर रहे थे। हर तीन चक्कर के बाद वो कुछ देर के लिए रुक जाते थे और राहुल गांधी ने भी ऐसा ही किया था।

  • Claim Review : राहुल गांधी ने फोटो खिंचवाने के लिए आरती को बीच में रोका।
  • Claimed By : बीएचके
  • Fact Check : झूठ
झूठ
फेक न्यूज की प्रकृति को बताने वाला सिंबल
  • सच
  • भ्रामक
  • झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later