X
X

Fact Check : राहुल गांधी का सत्ता से जुड़ा बयान 11 महीने पुराना, BJP के लिए कही थी यह बात

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के बीच में उनके पुराने भाषण के एक अंश को वायरल किया जा रहा है। वीडियो में राहुल गांधी को कथिततौर पर यह बोलते हुए देखा जा सकता है कि उनको केवल सत्ता चाहिए, सच्चाई से लेना-देना नहीं। विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की जांच की। पता चला कि यह एडिटेड है। दरअसल राहुल गांधी के 11 महीने पुराने भाषण के एक अंश को गलत संदर्भ के साथ वायरल किया जा रहा है। असली वीडियो में राहुल गांधी सत्ता की बात हिंदुत्ववादियों के बहाने भाजपा पर हमला करते हुए बोल रहे थे।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक पेज ‘फेकूजी’ ने 19 नवंबर को 15 सेकंड का एक वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में राहुल गांधी कह रहे हैं कि मुझे सत्ता चाहिए। सच्‍चाई से मुझे कोई लेना-देना नहीं। सच्चाई जाए भाड़ में। मुझे बस कुर्सी मिल जाए।

फेसबुक पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। पोस्ट को सच समझकर दूसरे यूजर्स भी वायरल कर रहे हैं। पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

राहुल गांधी से जुड़े वीडियो की सच्चाई जानने के लिए विश्वास न्यूज ने सबसे पहले इनविड टूल का इस्‍तेमाल किया। वायरल वीडियो को इस टूल में अपलोड करके कई स्क्रीनशॉट निकाले गए। फिर इसे गूगल रिवर्स इमेज और गूगल लेंस की मदद से सर्च किया गया। असली वीडियो हमें कांग्रेस के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। 12 दिसंबर 2021 को इसे अपलोड किया गया था। इसमें बताया गया कि राजस्थान के जयपुर में महंगाई हटाओ महारैली को राहुल गांधी ने संबोधित किया। वीडियो में राहुल गांधी को हिंदू और हिंदुत्ववादी शब्‍द का अंतर बताते हुए विस्तार से बोलते हुए देखा जा सकता है।

वीडियो में 11:30 मिनट के बाद राहुल गांधी को यह बोलते हुए सुना जा सकता है : ‘यह देश हिंदुओं का देश है। हिंदुत्व‍वादियों का नहीं है। और आज इस देश में महंगाई है, दुख है दर्द है तो यह काम हिंदुत्ववादियों ने किया है। हिंदुत्ववादियों को किसी भी हालत में सत्‍ता चाहिए। जैसे महात्मा गांधी ने कहा मैं सच्‍चाई चाहता हूं। मैं सच्‍चाई ढूंढता हूं। मुझे सत्‍ता नहीं चाहिए। वैसे ही ये कहते हैं- मुझे सत्‍ता चाहिए। सच्‍चाई से मुझे कोई लेना-देना नहीं। सच्‍चाई जाए भाड़ में। मुझे कुर्सी मिल जाए बस। और 2014 से इन लोगों का राज है। हिंदुत्व‍वादियों का राज है। हिंदुओं का नहीं।’ राहुल गांधी का पूरा भाषण नीचे देखें।

सर्च के दौरान असली वीडियो हमें जी राजस्‍थान के यूट्यूब चैनल पर मिला। 9:35 मिनट के बाद से राहुल गांधी को हिंदुत्ववादियों पर हमलावर होते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो में वायरल क्लिप वाले हिस्‍से को भी देखा जा सकता है।

जांच को आगे बढ़ाते हुए विश्‍वास न्‍यूज ने भारतीय युवा कांग्रेस के राष्‍ट्रीय प्रवक्‍ता आनंद जाट से संपर्क किया। उन्‍होंने बताया कि राहुल गांधी की वायरल क्लिप एडिटेड है। दरअसल वे जयपुर में हिंदुत्ववादियों पर हमलावर थे। उन्‍होंने यह बात हिंदुत्व‍वादियों के लिए कही थी। लेकिन वीडियो को एडिट करके गलत संदर्भ के साथ वायरल किया जा रहा है।

पड़ताल के अंत में फर्जी पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की। फेसबुक पेज फेकूजी की सोशल स्‍कैनिंग में कुछ खास जानकारी नहीं मिली।

निष्‍कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की वायरल क्लिप एडिटेड साबित हुई। उनके एक भाषण के अधूरे हिस्से को क्रॉप करके गलत संदर्भ के साथ वायरल किया जा रहा है।

  • Claim Review : राहुल गांधी ने कहा कि उन्‍हें केवल सत्‍ता चाहिए।
  • Claimed By : फेसबुक पेज फेकूजी
  • Fact Check : झूठ
झूठ
फेक न्यूज की प्रकृति को बताने वाला सिंबल
  • सच
  • भ्रामक
  • झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later