X
X

Fact Check: शिवराज सिंह चौहान के पुराने वीडियो को एडिट कर दुष्प्रचार की मंशा से किया गया वायरल

विश्वास न्यूज की पड़ताल में सीएम शिवराज के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत साबित हुआ। सीएम शिवराज का वायरल वीडियो एडिटेड है। असली वीडियो में वो मन की बात कार्यक्रम को देख रहे हैं। जिसे एडिट कर गलत दावे के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कथित तौर पर उन्हें मुस्कुराते हुए युवाओं पर हो रहे लाठीचार्ज को देखते हुए देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इस वीडियो को सच समझकर शेयर कर रहे हैं। विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल दावा गलत साबित हुआ। सीएम शिवराज का वायरल वीडियो एडिटेड है। असली वीडियो में वे मन की बात कार्यक्रम को देख रहे हैं। जिसे एडिट कर गलत दावे के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट में ?

फेसबुक यजूर सुरजीत सिंह ने वायरल वीडियो को 17 अक्टूबर 2022 को शेयर किया था। यूजर ने वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “देश के बेरोजगार युवाओं पर सरकारी पुलिस की लाठियां बरस रही है और उस पर हमारे प्रदेश के मुखिया आदरणीय शिवराज सिंह चौहान मुस्कुरा कर आनंद ले रहे हैं यह इस देश के युवाओं को देखना चाहिए समझना चाहिए कि हमारे सरकार में बैठे नुमाइंदे किस तरह की सोच और विचार रखते हैं एक दृश्य वाह मामा जी अब क्या क्या दिखाओगे हम सभी नौजवानों को खून के आंसू रुला रहे हो रुलाएंगे हम नवयुवक भी, चुनाव में जरूर दिखाएंगे इस बार सभी नौजवान।।।।”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान और मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है।

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल

वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स से सर्च करना शुरू किया। इस दौरान हमें असली वीडियो शिवराज सिंह के आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर अपलोड हुआ मिला। वीडियो को 27 जून 2021 को शेयर किया गया था। असली वीडियो में शिवराज सिंह चौहान टीवी पर पीएम मोदी का कार्यक्रम ‘मन की बात’ देखते हुए नजर आ रहे हैं।

पड़ताल के दौरान हमें असली वीडियो शिवराज सिंह के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी इसी जानकारी के साथ पोस्ट हुआ मिला।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने टीवी पर चल रहे  लाठीचार्ज के वीडियो के बारे में सर्च करना शुरू किया। हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स से सर्च करना शुरू किया। इस दौरान हमें पहला वीडियो न्यूज 24 के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर अपलोड हुआ मिला। वीडियो को 18 अगस्त 2021 को शेयर किया गया था। कैप्शन में दी गई जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो भोपाल में रोजगार के लिए प्रदर्शन कर रहे युवाओं का है।

दूसरे वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कई की-फ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज के जरिए सर्च किया। हमें वीडियो से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट HW News Network नामक एक यूट्यूब चैनल पर अपलोड हुई मिली। वीडियो रिपोर्ट को 29 जून 2021 को शेयर किया गया था। दी गई जानकारी के मुताबिक, नीमच जिले में लोगों ने एक आदिवासी को चोर समझकर बुरी तरह से पीटा था। साथ ही उसे ट्रक के पीछे बांधकर घसीटा भी था। ये वीडियो उसी घटना का है।

अधिक जानकारी के लिए हमने इंदौर नईदुनिया  के डिजिटल के प्रभारी अरविंद दुबे से संपर्क किया। हमने वायरल वीडियो को उनके साथ शेयर किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। यह वीडियो एडिटेड है, असली वीडियो में सीएम शिवराज पीएम मोदी के कार्यक्रम मन की बात को देख रहे हैं।

पड़ताल के अंत में हमने दावे को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर सुरजीत सिंह के अकाउंट की स्कैनिंग की। स्कैनिंग से हमें पता चला कि यूजर के चार हजार नौ से अधिक मित्र और 140 फॉलोअर्स हैं। प्रोफाइल पर दी गई जानकारी के मुताबिक, यूजर भोपाल का रहने वाला है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में सीएम शिवराज के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत साबित हुआ। सीएम शिवराज का वायरल वीडियो एडिटेड है। असली वीडियो में वो मन की बात कार्यक्रम को देख रहे हैं। जिसे एडिट कर गलत दावे के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : टीवी में युवाओं पर लाठियां बरसते देख मुस्कुराए सीएम शिवराज सिंह चौहान
  • Claimed By : सुरजीत सिंह
  • Fact Check : झूठ
झूठ
फेक न्यूज की प्रकृति को बताने वाला सिंबल
  • सच
  • भ्रामक
  • झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later